शहर में पुश्तैनी जमीन का सौदा कर एक करोड़ 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने एक ही परिवार के 5 के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है, इसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी मुताबिक ब्राम्हण पारा निवासी नरेंद्र शर्मा, राजेंद्र शर्मा, कौशल किशोर शर्मा, सुनीता शर्मा व धीरेंद्र शर्मा की पुश्तैनी जमीन नंदई में है। उक्त जमीन 4 एकड़ 41 डिसमिल है। जिसे बेचने का सौदा उन्होंने बल्देवबाग निवासी लोकेश अग्रवाल और अजय सुराना के साथ किया। पीड़ित लोकेश ने पुलिस को बताया कि सभी ने एक राय होकर अपनी जमीन का 4 करोड़ 20 लाख रुपए में तय किया। इसके बाद उन्होंने रजिस्ट्री से पहले बयाने की मांग की।
लोकेश व उनके पार्टनर ने शर्मा बंधुओं को बयाने के रुप में कुल 1 करोड़ 60 लाख 71 हजार रुपए की रकम बारी-बारी से दी। लेकिन बयाना लेने के बाद आरोपी पक्ष ने रजिस्ट्री के लिए आनाकानी शुरु कर दी। करीब सालभर तक उन्हें रजिस्ट्री के लिए घुमाते रहे। इसके बाद उन्होंने आपसी विवाद बताकर रजिस्ट्री नहीं करने की बात कह दी और बयाने की रकम तक नहीं लौटाई। इधर मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।
अब जमीन बंटवारे का आवेदन कोर्ट में लगाया
पीड़ित लोकेश ने बताया कि बयाना लेने के दौरान सभी ने सहमति से जमीन बेचने की बात कही थी। बयाना लेने के बाद उन्होंने अपनी जमीन में आपसी विवाद बता दिया और बयाने की राशि लौटाए बगैर खुद के बीच जमीन बंटवारे को लेकर कोर्ट में आवेदन लगा दिया। बयाना लेने के दौरान सभी ने इकरारनामा भी बनाया था।
