राजनांदगांव । शहर के जनता कालोनी लखोली स्थित सिद्धि विनायक मंदिर के पास रहने वाले डेकाटे परिवार के सूने मकान से अज्ञात चोर ने साढ़े तीन लाख रुपये गहनें समेत नगद रुपये चोरी कर लिया है। डेकाटे परिवार चार दिनों के लिए पारिवारिक काम से नागपुर गए थे, जब वो घर लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। सामान बिखरे थे। लोहे के दरवाजे का ताला भी टूटा हुआ था। आलमारी का सामान भी कमरे में बिखर पड़ा था। वहीं सोने-चांदी के गहने नहीं थे। आलमारी के लॉकर में रखा नगद एक लाख रुपये भी नहीं था। जिसे देख चोरी का अंदेशा लगाकर मकान मालिक 61 वर्षीय चुन्नाीलाल डेकाटे ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना में जुट गई है।
चार दिनों के लिए गए थे बाहर प्रार्थी चुन्नाीलाल डेकाटे ने बताया कि वो पत्नी विजया डेकाटे व बेटे सिद्धांत को लेकर पारिवारिक काम से नागपुर गए थे। उन्होंने बताया कि वो बीते चार जून को दोपहर साढ़े तीन बजे घर के सभी दरवाजे बंद कर निकले थे। सोमवार को जब वो घर लौटे तो मेन दरवाजा सहित सभी कमरों का ताला टूटा हुआ था। घर के सामान यहां-वहां बिखरे थे। कमरे में लगे कांच के दरवाजे भी टूटे मिले। आलमारी का सामान भी बिखरा पड़ा था। डेकाटे ने पुलिस को बताया कि आलमारी में नगद एक लाख रुपये के साथ 33 ग्राम सोने का नेटलेस सेट झुमका सहित, 15 ग्राम चैन, 35 ग्राम सोने का कंगन, दस व आठ ग्राम के दो मंगलसुत्र, सात ग्राम की अंगुठी, छह ग्राम का झुमका, पांच ग्राम का बाला लगभग दो लाख 40 हजार रुपये का था। इसके अलावा चांदी का गिलास, एक लोटा, 15 सिक्के, एक कुमकुम डिब्बा, पायल व बिछीया करीब 250 ग्राम, चार जोडी पायल 50 ग्राम जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये का था। वहीं एक पांच हजार रुपये का मोबाइल फोन भी रखा था, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।
रहवासी इलाके में चोरी की घटना के बाद लोग दहशत में आ गए हैं। पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े होने लगा है। जनता कालोनी रहवासी इलाका है, यहां चोरी की घटना ने आसपास के लोगों को सकते में डाल दिया हैं। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि मामले पर अपराध दर्ज कर लिए हैं। जांच कर रहे हैं। जल्द ही चोरी के आरोपित को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।
