राजनांदगांव, पुलिस ने जिलेभर में शराब की अवैध बिक्री और तस्करी के अभियान छेड़ा है। इसमें पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली है। तीन महीने में शराब के अवैध बिक्री और तस्करी के 127 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई है। जिसमें लगभग 40 लाख रुपए की शराब जब्त की गई है।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में अभियान जारी है। पुलिस से मिली जानकारी मुताबिक बीते तीन महीने में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तस्करी में प्रयुक्त 41 वाहन जब्त किए गए हैं, वहीं चार कार भी पुलिस ने जब्त की है। इसके अलावा मध्यप्रदेश से शराब उपलब्ध कराने वाले एक शराब दुकान के मैनेजर को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
इन मामलों में 130 से अधिक आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि जिलेभर में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी और अवैध बिक्री की शिकायत लंबे समय से बनी थी, जिसे रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस ने अभियान जारी रहने की बात कही है।
