जिले में लॉकडाउन खत्म होते ही हादसे भी अनलॉक हो गए हैं। यही वजह है कि सड़कों पर रोज हादसे हो रहे हैं। बीते 24 घंटे हादसों के लिहाज से सबसे चिंताजनक रहे। इसमें अलग-अलग हिस्सों की 6 घटनाओं में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी हादसों की वजह केवल बेलगाम हादसे ही हैं।
हादसों की यह स्थिति बीते साल की तरह खुद को दोहरा रही है। बीते साल भी लॉकडाउन खुलने के बाद अचानक सड़क हादसों में बढ़ोतरी हो गई थी। यही स्थिति दोबारा सामने आ रही है। आवाजाही बढ़ने के साथ ही दुर्घटनाएं भी बढ़ गई है। यह पुलिस प्रशासन के लिए भी चिंताजनक साबित हो रहा है। सोमवार शाम से मंगलवार की दोपहर तक जिले के खैरागढ़, चिचोला, सोमनी, मोहला और गंडई सहित शहर में ऐसे सड़क दुर्घटनाएं हुई है।
जिसमें चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है। लॉकडाउन के दौरान जहां सड़क हादसों में ब्रेक सा लग गया था, वहीं अनलॉक के साथ इसके ग्राफ में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। हादसों में दम तोड़ने वालों के सिर में ही गंभीर चोटें आई थी, अगर इन्होंने हेलमेट का उपयोग किया होता, तो शायद ये जानें बच सकतीं थीं। सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह वाहनों की बेलगाम रफ्तार ही है। इसके अलावा हेलमेट की अनदेखी भी मौत की बड़ी वजह बनी है।
सड़क पर खतरे से लोग बेखबर; इन हिस्सों में हुए हादसे, मौके पर ही लोगों ने दम तोड़ दिया
1. तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, बाइक सवार की मौत: चिचोला थाना क्षेत्र के ग्राम टप्पा के पास हाईवे में तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। बाइक में भिलाई सुपेला निवासी तेज प्रताप ठाकुर (43) सवार थे, जो राजनांदगांव की दिशा में आ रहे थे। तभी उन्हें पीछे से आ रही कार ने जोरदार ठोकर मार दी । हादसे में तेज प्रताप के सिर पर गंभीर चोटें आई थी, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज हास्पिटल लाया गया। लेकिन इलाज से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
2. अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी ठोकर, मौके पर ही दम तोड़: खैरागढ़ इलाके के ग्राम सिंगारपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परदेशी राम यादव (50) को ठोकर मार दी। हादसे में परदेशी राम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि राजनांदगांव के स्टेशन पारा में रहने वाले परदेशी राम खैरागढ़ से राजनांदगांव की दिशा में जा रहे थे, तभी दोपहर करीब 1 बजे अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार ठोकर मार दी । जब तक परदेशी राम को हास्पिटल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस पहुंचती उनकी मौत हो चुकी थी।
3. रफ्तार से अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर, दबने से किसान की मौत:
गंडई इलाके के संबलपुर में सोसाइटी से खाद और बीज लेने जा रहा किसान की ट्रैक्टर में दबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि संबलपुर निवासी चिरंजीव जंघेल (33) सोमवार शाम 4 बजे अपनी ट्रैक्टर को चलाते हुए बरबसपुर सोसाइटी जा रहा था, उसकी ट्रैक्टर की रफ्तार अधिक थी। जो काशी टोला के पास अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद गड्ढे में पलट गई। चिरंजीव की मौत ट्रैक्टर के इंजन वाले हिस्से में दबने से हो गई।
4. मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने मारी ठोकर, युवक की मौके पर मौत: मोहला इलाके के धोबेदंड में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया गया कि हादसा सोमवार दोपहर को हुआ। ग्राम काड़े निवासी दिलीप कुमार गेाटा अपने पारिवारिक काम से मोहला की दिशा में जा रहा था। तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 08 एल 1362 के चालक ने उन्हें सामने से जोरदार ठोकर मार दी। दिलीप बुरी तरह ट्रक की चपेट में आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ट्रक ने मारी ठोकर, बाल -बाल बचे कार सवार
इधर शहर के पार्री नाला ब्रेकर के पास हाइवे पर ट्रक ने सामने मौजूद ट्रक को जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर से कार सामने खड़े ट्रक में जा टकराई। हादसे में कार तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई लेकिन भीतर मौजूद चालक बाल-बाल बच गए। घटना मंगलवार दोपहर 1 बजे ममता नगर निवासी आरीफ खान के साथ हुई। जिन्होंने ब्रेकर को देख कार की ब्रेक लगाई, लेकिन पीछे आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें ठोकर मार दी।
हाइवे पर भिड़े ट्रक और जेसीबी, चालक घायल
इधर सोमनी इलाके के ठाकुरटोला के पास मंगलवार सुबह ट्रक और जेसीबी में भिड़ंत हो गई। भूसे से भरी ट्रक दुर्ग की दिशा में जा रही थी, जिसकी विपरीत दिशा से आ रहे जेसीबी से भिड़ंत हो गई। घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। ट्रक के चालक को भी हल्की चोटें आई है। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को हाइवा से हटाकर किनारे किया। इधर पुलिस की लगातार समझाइश के बाद भी लोग हेमलेट के इस्तेमाल को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
