राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नाम संबोधन में देश के सभी आयु वर्गों को पुनः टीकाकरण की जिम्मेदारी अपने हाथो में लिए जाने पर सांसद संतोष पांडेय ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार मानवता की अग्रदूत है।
सांसद ने बताया कि कोरोना महामारी से केंद्र सरकार ने हर मोर्चे पर सबके साथ मिल के लड़ाई लड़ी है। 45 से अधिक उम्र के नागरिकों को केंद्र द्वारा मुफ्त में टीकाकरण किया जा रहा है। राज्यों द्वारा टीकाकरण की जिम्मेदारी मांगे जाने पर सांसद ने कहा कि केंद्र ने जब 18+ के नागरिकों को टीकाकरण का कार्य सौंपा तब प्रदेश सरकार की गैर जिम्मेदारानापूर्वक रवैया रहा। देश के विज्ञानियों द्वारा एक साल के भीतर मेड इन इंडिया वैक्सीन लांच कर भारत ने बड़े-बड़े देशों को पीछे कर दिया और उसी वैक्सीन को प्रदेश में इतनी भारी संख्या में बर्बाद कर दिया गया, जिससे एक बड़ी आबादी को सुरक्षित किया जा सकता था। यहां तक कि कोरोना टीका की एक पूरी लाट ही गायब करवा दी गई, जिसकी जानकारी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तक को नहीं लग पाई। सांसद पांडेय ने बताया कि दो हफ्ते के अंदर देश के हर राज्य में हर आयु वर्ग को टीकाकरण का कार्य पुनः केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। देश में उपलब्ध कुल वैक्सीन का 75 फीसद हिस्सा भारत सरकार द्वारा खुद खरीद कर राज्यों को मुफ्त में दिया जाएगा।
सांसद पांडेय ने जानकारी दी कि दो वैक्सीन का ट्रायल बच्चों पर जारी है, जिस पर शीघ्र ही सफलता प्राप्त होगी। नाक द्वारा दिए जाने वाले वैक्सीन पर भी खोज जारी है। तीन नए वैक्सीन का ट्रायल भी जारी है। भारत सरकार द्वारा लिए गए फैसले से वैक्सीन अभियान तेजी से आगे बढ़ेगा।
