राजनांदगांव। कोरोना का कहर कम जरूर हुआ है, पर खत्म नहीं हुआ है। लेकिन, लोग इसे मानने को तैयार ही नहीं हैं। अनलाक होने के बाद बाजार में हर दिन उमड़ रही बेपरवाह भीड़ फिर से संक्रमण के खतरे को निमंत्रण देती दिख रही है। लोग न तो शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं न ही मास्क लगा रहे हैं। गंभीर बात यह है कि लगातार कार्रवाई के बाद भी दुकानदार नहीं चेत रहे हैं। समझाने के बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। भीड़ देखकर ऐसा लगता है कि कोरोना खत्म हो गया, जबकि लोगों को यह जानकारी होनी चाहिए कि पहली लहर की अपेक्षा दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक रही। कई लोगों ने अपनों को खोया।
प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण की धीमी रफ्तार को देखते हुए जिले को अनलाक किया गया है। शारीरिक दूरी और हैंड सैनिटाइजर के साथ-साथ मास्क पहनने लगातार अपील भी की जा रही है। बावजूद शहर के चौक-चौराहों सहित बाजार में जमकर भीड़ उमड़ रही है। अनलाक की शतोर् का कहीं कोई पालन नहीं हो रहा। इससे कोरोना का संक्रमण फिर से फैलने का डर सताने लगा है। सब्जी बाजार व किराना दुकान सहित अन्य दुकानों में खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग हर दिन उमड़ रहे हैं। इन जगहों पर न ही शारीरिक दूरी का पालन हो रहा है न ही लोग मास्क पहनकर खरीदारी करने जा रहे हैं।
शिवप्रसाद सिन्हा, दुकानदार ने कहा कि हम लोग ग्राहकों को बार-बार मास्क पहनने को कहते हैं। जो लोग बात नहीं मानते, उनको सामान नहीं देते। कई बार लोगों को मास्क भी बाट चुके हैं। हमसे जितना हो सके करते हैं। उससे ज्यादा हम क्या करें? वहीं एक ग्राहक लक्ष्मण निर्मलकर ने बताया कि कभी-कभी भूल जाते हैं मास्क पहनना। जो प्राशासन कर रहा है, वह हमारी भलाई के लिए ही है। हम लोगों को प्रशासन की बात माननी चाहिए।
