राजनांदगांव। पखवाड़ेभर पहले खुली कृषि उपज मंडी अब पूरी तरह से वैक्सीनेट हो गई है। पहले अधिकारी-कर्मचारियों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया। अब वहां के मजदूरों यानी रेजा-हमालों ने भी वैक्सीन लगवा लिया। इस कारण मंडी को दो दिन बंद रखा गया। अब मंगलवार से वहां कामकाज शुरू होगा।
लाकडाउन के दौरान मंडी को भी बंद रखा गया था। खरीफ सीजन को देखते हुए व्यापारियों व किसानों की मांग के बाद प्रशासन ने उसे पखवाड़ेभर पहले ही सशर्त खोलने की अनुमति दी थी। इसमें टीकाकरण भी शामिल था। उसके पहले ही मंडी प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी कोरोनारोधी टीके लगवा चुके थे। रेजा-हमाल बाकी रह गए थे। आरएल साहू, मंडी सचिव ने बताया कि हमने सभी को कोरोनारोधी टीका लगाने को कह दिया था, ताकि संक्रमण से बचा जा सके। इसलिए दो दिनों तक मंडी बंद रखी गई। मंगलवार से मंडी खोली जाएगी।
कृषि उपज मंडी में लगभग 460 लोगों का स्थायी रूप से आना-जाना है। इसमें करीब 400 रेजा-हमाल हैं। इनके टीकाकरण के लिए दो कार्य दिवस शनिवार व सोमवार को बंद रखी गई थी। प्रशासन के अनुसार इस दौरान सभी ने टीके लगवा लिये। मंगलवार को मंडी में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होंगे।
वैक्सीन लगने के बाद सामान्य रूप से बुखार व हरारत लगता ही है। टीके के बाद आराम की जरूरत होती है। यही कारण है कि रेजा-हमालों को दो दिनों का आराम देने के लिए मंडी बंद रखी गई, ताकि वे उसके बाद पूरी चुस्ती के साथ काम कर सकें। बीच में रविवार भी पड़ा। इस तरह टीके के बाद मजदूरों को तीन दिनों का आराम मिल गया।
