राजनांदगाँव – बंगाल में हुई भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुई हिंसा के विरोध में आज भाजपा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर वर्चुअल माध्यम से छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं के लिए बैठक का आयोजन किया गया जिसे भाजपा कार्यालय पर प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को दिखाया गया, भाजपा जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद भूपेंद्र यादव ने आज छत्तीसगढ़ भाजपा की वर्च्युअल बैठक लेकर बंगाल चुनाव में हुई हिंसा पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर टीएमसी एवं असामाजिक तत्वों द्वारा हुई हिंसा के विरोध में लोकतांत्रिक तरीकों का सहारा लेते हुए अपनी बात को जनता के सामने रखने जा रही है, श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि आज भाजपा का पूरे विश्व में सबसे बड़ा विशाल परिवार है एवं जनता की सेवा करना हमारा परम लक्ष्य है, पश्चिम बंगाल में 3 से 76 सीट पर पहुंचने की सफलता एवं साम्यवादी विचारधारा को परास्त करने पर हम अभिभूत है, लेकिन साथ ही टीएमसी के असामाजिक तत्वों द्वारा चुनाव के परिणाम पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुई हिंसक घटनाओं का हमने विरोध प्रकट किया है। श्री यादव ने बंगाल की जमीन एवं उसके गौरव को बताते हुए कहा कि वंदे मातरम एवं जन गण मन की स्थापना इसी भूमि से हुई है और इसमें देशभक्तों की एक लंबी लिस्ट बंगाल से जुड़ी हुई है, ऐसी पवित्र माटी को हम नमन करते हैं परंतु बंगाल सरकार की ममता बनर्जी की अहंकार से भरी ललकार का हम लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना चाहते हैं, लोकतंत्र में जनता जनार्दन होती है और जनता ने जो चुनाव में फैसला दिया है वह सर्वमान्य है परंतु न्यायपालिका एवं कार्यपालिका के अधिकारों पर ममता बनर्जी कुठाराघात करने लगी है एवं बंगाल में सुनियोजित तरीके से विभाजन का जो नरसंहार पूर्व में हुआ था वही नरसंहार आज चुनाव के बाद हुआ है, यहां सीमावर्ती जिलों से बंगाल में घुसपैठियों का प्रवेश हो चुका है, बंगाल की राजनीति आज हिंसक हो चुकी है,एक और यहां पंचायत चुनाव में 150 से ज्यादा भाजपा के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारा गया। श्री यादव ने कहा कि भाजपा बंगाल को सोनार बंगाल बनाने की महत्वकांक्षी लेकर चल रही थी, परंतु टीएमसी के साथ सभी विपक्षी दलों ने जिस कट्टरता के साथ जातीय ध्रुवीकरण किया, वह इतिहास में याद किया जाएगा । श्री यादव ने कहा कि सभी दल जातीयता की बात तो करते हैं परंतु धुर्वीकरण के मामले में वे ही एक्सपोज़ होते है।सभी दलों से हटकर भाजपा अपनी प्रतिबद्धता से कभी समझौता नहीं करती । श्री यादव ने बताया कि बंगाल में किस प्रकार से राज्य प्रायोजित हिंसा में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है । राज्य में चुनाव पूर्व, चुनाव के दौरान व चुनाव बाद लगातार भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है । राज्य की ममता सरकार बंगाल में अब मुख्य विपक्षी दल भाजपा से लोकतांत्रिक तरीके से निपटने के बजाय हिंसा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रही है । उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम के दिन टीएमसी के पक्ष में बहुमत आने के दौरान ही ममता बनर्जी के पार्टी के गुंडों ने राज्य में आतंक फैलाना प्रारंभ कर दिया था । चुनाव परिणाम के दिन ही कलकत्ता में भाजपा दफ्तर जला दिया गया । राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जाने लगी । जिला महामंत्री सचिन बघेल एवं दिनेश गांधी ने बताया कि बैठक में प्रमुखता से कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाते हुए बताया गया कि पार्टी सदैव ही कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है और बंगाल में हुए नरसंहार के विरोध में लोकतांत्रिक ढंग से पार्टी जुटी हुई है और कार्यकर्ताओं का भी ध्यान रख रही है श्री सचिन बघेल ने बताया कि भाजपा कार्यालय के अलावा सभी वरिष्ठ नेताओं ने मोबाइल के माध्यम से कार्यक्रम को सुना । छत्तीसगढ़ स्तरीय इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, बृजमोहन अग्रवाल सहित सभी वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे । बैठक की शुरुआत अध्यक्ष जी के प्रतिवेदन के रूप में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने की एवं बैठक का सफल संचालन शिवरतन शर्मा ने किया।भाजपा कार्यालय में आज विभिन्न समाजों के प्रबुद्ध जनों ने स्वस्फूर्त आकर इस बैठक में अपनी सहभागिता निभाई और ध्यान से बैठक की बातों को सुना
