राजनांदगांव: खैरागढ़ मार्ग में स्थित बढ़ईटोला के नजदीक मोड़ में सोमवार दोपहर को एक सड़क हादसे में दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई । एक अज्ञात ट्रक की ठोकर से हुए हादसे में ग्रामीणों की मोटर साइकिल बुरी तरह से चकनाचूर हो गई । वहीं दोनों की मौके पर ही मौत हो गई । घटना के बाद पुलिस मृत ग्रामीणों की शिनाख्ती में जुटी है । फिलहाल पुलिस को प्रारंभिक जांच में मृतकों के गांव का पता चल गया है । बताया जा रहा है कि बढ़ईटोला गांव से करीब एक किमी पहले मोड़ में लगभग एक बजे के आसपास बुंदेलीकला गांव दो ग्रामीण अज्ञात ट्रक की चपेटे में आ गए । घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया ।
वहीं मौके पर दोनों खून से लथपथ जख्मी हालत में पड़े रहे । किसी राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी , तब दोनों को 112 एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया , जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया । घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में बुंदेलीकला गांव के दो ग्रामीणों की मौत हुई है । फिलहाल परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है । वहीं अज्ञात ट्रक की पतासाजी की जा रही है । बताया जा रहा है कि ट्रक की ठोकर से मोटर साइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है । हादसे की पुलिस विवेचना जारी है ।
