मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ में हुआ आयोजन
लोक कलाकारों के भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोहा
राजनांदगांव। मानव सेवा एवं जनकल्याण के लिए अंचल सहित देशभर में पहचान बना चुकी नगर की सेवाभावी संस्था बर्फानी सेवाश्रम समिति ने अपने आशीर्वादक व मार्गदर्शक 1011 योगाधिराज ब्रम्हर्षि बर्फानी दादा जी की पंचम पुण्यतिथि के अवसर पर अनेक श्रद्धा भक्तिभावपूर्ण आयोजन के तहत अभिषेक, महाअनुष्ठान एवं संगीतमय भजनों की प्रस्तुति की गई। जिसमें नगर सहित अंचल के श्रद्धालु भक्तजन व गुरु परिवार के सदस्य ने हिस्सा लिया।

संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’ ने बताया कि मां काली स्वरूपनी पाताल भैरवी राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या द्वादश ज्योर्तिलिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ में कल 25 दिसम्बर को देश के महान संत व अखिल भारतीय चर्तु: संप्रदाय के पूर्व महंत 1011 योगाधिराज ब्रम्हर्षि बर्फानी दादा जी की पंचम पुण्यतिथि श्रद्धाभक्ति के साथ मनाई गई। जिसमें गुरु परिवार व अन्य भक्तजनों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम में आनंद उठाते हुए दादा जी के चरणों का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का श्रीगणेश प्रात: परम पूज्य गुरुदेव बर्फानी दादा जी का अभिषेक आचार्य रावल पंडित व महामंडलेश्वर गोविंद दास के मंत्रोच्चार व विधि विधान के मध्य संस्था के अध्यक्ष राजेश मारु, उपाध्यक्ष दीपक जोशी, सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’, कोषाध्यक्ष नीलम जैन, महेन्द्र लुनिया, कुलबीर सिंह छाबड़ा, सूरज जोशी, आलोक जोशी, बलविंदर सिंह भाटिया, लीलाधर सिंह, मनीष परमार, संजय खंडेलवाल, आलोक बिंदल, संतोष खंडेलवाल, छोटू भाई एवं श्रद्धालुओं द्वारा किया गया। तत्पश्चात बफार्नी दादा जी का श्रृंगार कर चरण पूजा की गई एवं महाआरती उतारी गई। इसके पश्चात गुरु परिवार के सदस्यों एवं भक्तों द्वारा श्री हनुमान जी का लांगुल पूजन मंत्रों की ध्वनि के मध्य व आचार्यों के निर्देशन में किया गया एवं श्री यंत्र पर आधारित यज्ञशाला के यज्ञकुंड में विश्व शांति एवं जनकल्याण के लिए आहुति डाली गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी फिल्म निर्माता व बैगा ग्रुप के प्रमुख लोक गीतकार व भजनों के गायक राजेश मारु, स्वरधारा के संचालक विष्णु कश्यप, हिम्मत पवार, विनय विनोद गौतम द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इससे पूर्व बर्फानी दादा जी की पंचम पुण्यतिथि के दो दिवसीय आयोजन के तहत 24 दिसम्बर को संध्या में बर्फानी धाम व जीवन कालोनी की महिला मंडलों द्वारा सुंदरकांड, हनुमान चालीसा व भजनों की प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर संस्था द्वारा विशाल भंडारा प्रसादी का भी आयोजन किया गया था जिसमें सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

