राजनांदगांव। शहर के पेंड्री अटल आवास के पास 16 पेटी महाराष्ट्र की देशी शराब से भरी लग्जरी कार को छोड़कर फरार आरोपित को लालबाग पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपित दुर्ग में अपने मोपेड से गिरकर घायल हो गया था, जिसके बाद छिपकर अपना इलाज करा रहा था। मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपित सिकोला भाठा मोहन नगर दुर्ग निवासी 26 वर्षीय शुभम दुबे को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपित शुभम बीते पांच मई को महाराष्ट्र की ओर से शराब लेकर शहर की ओर आ रहा था। इसकी सूचना के बाद पुलिस ने पेंड्री के पास नाकाबंदी किए थे। तभी आरोपित अपनी कार अटल आवास की ओर मोड़ दिया, जिसका पीछा करने पर आरोपित कार को छोड़कर फरार हो गया था। कार से पुलिस ने 16 पेटी शराब बरामद की थी। वहीं कार में ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी बुक, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड भी मिला था, जिसके आधार पर आरोपित की पहचान हुई थी। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
गैंदाटोला के पानी टंकी के पास 1250 रुपये नगद और सट्टा-पट्टी के साथ पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित पेन-कापी लेकर अंकों पर रूपये पैसे का दांव लगाकर सट्टा पट्टी लिख रहा था। इसकी सूचना पर तत्काल रेड कार्रवाई कर मौके पर आरोपित राहुल कुमार गंधर्व को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1250 रूपये के साथ सट्टा-पट्टी बरामद किया गया।
शहर के पेंड्री अटल आवास से लौटते समय पुलिस की डायल 112 वाहन पर पत्थर मारकर कांच तोड़ने वाले एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटना बीते दरमियानी रात साढ़े 12 बजे की है। जब पुलिस की डायल 112 वाहन लेकर आरक्षक लीलाराम साहू विवाद की सूचना पर अटल आवास पेंड्री गया था। वहां से लौटते समय छोटा नशा उर्फ विजय भंडारकर, धनराज साहू और शीतल साहू ने पत्थर से डायल 112 वाहन सीजी 03-7104 का कांच तोड़ दिया। इससे चार हजार रूपये का सरकारी संपत्ति नुकसान हुआ। आरक्षक लीला राम साहू की रिपोर्ट पर आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित अटल आवास पेंड्री निवासी 19 वर्षीय छोटे नशा उर्फ विजय भंडारकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। पुलिस फरार दो आरोपित धनराज साहू और शीतल साहू की तलाश कर रही है। लालबाग थाना प्रभारी राजेश साहू ने कहा कि फरार आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।
