खैरागढ़। दाऊचौरा स्थित बुद्ध विहार में नगर के बौद्ध अनुयायियों ने कोविड-19 से बचाव के नियमों के तहत सद्भावनापूर्वक महाकारूणिक भगवान तथागत गौतम बुद्ध की 2565वीं जयंती अवसर पर बुद्ध पूर्णिमा पर्व मनाया। खैरागढ़ महाबोधि बुद्ध विहार कल्याण समिति के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम अनुयायियों ने बुधवार की बुद्ध विहार पहुंचकर कोविड नियमों को ध्यान में रखते हुए तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्ती जलाकर बुद्ध वंदना, त्रिशरण व पंचशील का पाठ किया। समिति के पूर्व अध्यक्ष भोजराज ऊके ने सामूहिक वंदना व पाठ संपन्ना कराया। इस दौरान बौद्ध समाज के प्रमुख सलाहकार अनुराग शांति तुरे ने बुद्ध पूर्णिमा की बधाई देते हुए गौतम बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डालते हुये बुद्ध पूर्णिमा की महत्ता को समझाया। उन्होंने कहा कि आने वाली युवा पीढ़ी को एकजुट व संगठित होकर समाज को उद्देश्यपरक जीवन की ओर अग्रसर होना होगा। जिससे धम्म मार्ग के अनुरूप समाज का वास्तविक विकास हो सके। उन्होंने लाकडाउन समाप्त होने व अनलाक में भी शासन-प्रशासन के नियमों का पालन करने की अपील की और कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचने हम सभी को सतर्क रहना होगा।
