पटना. राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के नया टोला गांव में बीते देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. परिजनों और ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.
मृतक की पहचान खुसरूपुर के नया टोला गांव निवासी राम इकबाल राय के रूप में की गई है, जो फतुहा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था. बताया जाता है कि देर शाम गांव का ही भलुआ नामक युवक उसे घर से बुलाकर ले गया था, और देर रात गांव से थोड़ी ही दूर स्थित खेत में अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी.
घटना के बाद से भलुआ नामक युवक फरार बताया जाता है. किस कारण से युवक की हत्या की गई यह अबतक स्पष्ट नहीं हो सका है. परिजनों ने भी हत्या के कारणों को बताने में असमर्थता जताई है वहीं पूरे मामले पर पूछे जाने पर पुलिस ने अनुसंधान की बात दोहराते हुए वरीय अधिकारियों का हवाला दे इस संबंध में कुछ भी बोलने से सीधे तौर पर इंकार कर दिया है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. हत्या की इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
