बगहा. शहर के एक क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों ने जमकर हंगामा किया. हंगामा के दौरान नगर परिषद के कर्मियों से क्वारंटीन किए गए लोगों ने न सिर्फ दुर्व्यवहार किया बल्कि सरकारी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया. सभी लोग 16वें दिन नगर परिषद द्वारा खाना आपूर्ति में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे थे. हालांकि सूचना के बाद मौके पर नगर थाना की पुलिस ने पहुंचकर मामला को शांत कराया.
बताया जा रहा है कि शहर के डीएम एकेडमी में 36 लोगों को क्वारंटीन किया गया है. क्वारंटीन अवधि के 14 दिन पूरे हो चुके हैं और अब इसके 16 दिन हो गए हैं. सभी अपने-अपने घर जाना चाहते हैं जबकि प्रशासन को वरीय अधिकारियों के आदेश का इंतजार है. ऐसे में यहां रह रहे लोगों का कहना है कि ये प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा हम क्यों भुगतें. इस मामले पर बगहा नगर परिषद के नगर प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि पिछले 16 दिनों से इन लोगों को इस केंद्र पर रखा गया है. लेकिन आज 16 वें दिन खाना में गड़बड़ी की शिकायत की गई, कर्मियों से बदसलूकी की गई और नगर परिषद की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए. वरीय पदाधिकारियों के आदेश के बाद ही इन लोगों को इस केंद्र से मुक्त किया जाएगा. आदेश की प्रतीक्षा की जा रही है.
