मानपुर ब्लॉक के ग्राम खुरसेकला में ग्रामीणों को कोरोना का टीका नहीं लगवाने के लिए भड़काने वाले आरोपी महेंद्र साहू को मदनवाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मदनवाड़ा, खड़गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में कोरोना वैक्सीन लगाने से मौत की भ्रामक जानकारी देकर लोगों को डरा रहा था। इस अफवाह के चलते लोग टीका लगवाने से डर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जिले में एक मई से 18 प्लस वालों को कोरोना टीका लग रहा है। इससे पहले 45 प्लस वालों को वैक्सीन लगाना जारी है। लोग कोरोना संक्रमण को हराने के लिए वैक्सीन लगाने के लिए तैयार हैं, लेकिन इस बीच मानपुर के मदनवाड़ा क्षेत्र में आरोपी महेंद्र साहू कुछ लोगों को अपने साथ लेकर ग्रामीणों को कोरोना का टीका लगवाने से मना कर रहा था। ग्रामीणों के बीच भ्रामक जानकारी पहुंचा कर आरोपी उन्हें टीकाकरण बंद कराने के लिए भी जोर दे रहा था।
इसकी शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक डी श्रवण ने आरोपी के खिलाफ तत्काल जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस ने बताया कि ग्राम बसेली के सरपंच की भूमिका भी संदेहस्प्रद है। इसको लेकर पुलिस ने बसेली सरपंच सहित अन्य लोगों के खिलाफ मदनवाड़ा थाना में धारा 270, 505-एक बी, 34 आइपीसी अंतर्गत अपराध दर्ज किया है।
