कोराना से अनाथ हुए बच्चों के पालन – पोषण और शिक्षा का खर्च उठाएगा अग्रवाल संगठन
साथ ही बुजुर्गों को देंगे सहारा
श्री अग्रसेन कोरेना पीड़ित कल्याण योजना प्रारंभ
राजनांदगांव । कोरेना महामारी की वजह से अग्रवाल समाज के अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं , कुछ परिवारों के कमाने वाले व्यक्ति काल कवलित हो गए हैं। ऐसे परिवार के बच्चों का एवं उस परिवार के बुजुर्गों का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है । बच्चे मां बाप के देहावसान हो जाने के कारण अनाथ हो चुके हैं , वही बूढ़े मां बाप भी अपने को असहाय महसूस कर रहे हैं , क्योंकि उनका लालन-पालन करने वाले अब दुनिया में नहीं है । कुछ तो परिवार के परिवार तबाह हो गए हैं ।
बच्चों का लालन-पालन कैसे होगा , उनकी शिक्षा-दीक्षा कैसे होगी , बूढ़े मां – बाप की देखरेख कौन करेगा ? यह प्रश्न आज समाज के समक्ष खड़ा है ।

ऐसे कठिन समय में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवम् श्री अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट ने श्री अग्रसेन कोरेना पीड़ित कल्याण योजना प्रारंभ की है , जिसके तहत ऐसे परिवार के जीवन यापन करने के लिए ऐसे बच्चों के परिवारों को चिन्हित करने का कार्य प्रदेश की समस्त स्थानीय अग्रवाल सभाओं के सहयोग से प्राप्त किया जा रहा है ।
श्री अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रामदास अग्रवाल , कोषाध्यक्ष सुनील रामअवतार अग्रवाल , छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष नेतराम अग्रवाल , चेयरमैन अशोक अग्रवाल , प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल राजू एवं अशोक मोदी , महामंत्री कन्हैया अग्रवाल प्रांतीय प्रचार प्रसार मंत्री लक्ष्मण लोहिया एवं विशेष आमंत्रित सदस्य अशोक लोहिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के द्वारा श्री अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से श्री अग्रसेन कोराना पीड़ित कल्याण योजना प्रारंभ की गई है , इस हेतु त्वरित रूप से दस लाख रुपए की राशि इस योजना के लिए सुनिश्चित कर दी गई है , आवश्यकता पड़ने पर जन सहयोग से लगातार इस योजना को पूरा करने का प्रयास प्रांतीय संगठन के द्वारा किया जावेगा । इस योजना के तहत ऐसे परिवारों की जानकारी पूरे प्रदेश स्तर पर प्राप्त करके उन्हें चिन्हित किया जावेगा एवं जिन परिवारों के कमाने वाले सदस्य अब इस दुनिया में नहीं हैं उनके बच्चों के लालन-पालन , शिक्षा – दीक्षा , परवरिश, उनके व्यापार – व्यवसाय इत्यादि की व्यवस्था की जावेगी । साथ ही ऐसे बुजुर्ग माता – पिता जिनकी संतान कोराना महामारी में स्वर्ग सिधार चुकी है , उन माता-पिता के भी जीवन यापन का जुम्मा छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा लिया जाएगा ।
प्रांतीय संगठन के द्वारा प्रदेश की समस्त स्थानीय अग्रवाल सभाओ को एक पत्र के माध्यम से आग्रह किया है कि अपने – अपने जिले में निवासरत ऐसे परिवार जो कोराना महामारी की वजह से प्रभावित हुए हैं एवं इस योजना का लाभ प्राप्त करने योग्यता रखते हैं , उन्हें चिन्हित कर उनका पूरा विवरण लिखकर प्रांतीय कार्यालय को भेजें । जिससे ऐसे परिवारों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ कर ससम्मान जीवन यापन के योग्य बनाया जा सके ।
