रायपुर. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में सड़क निर्माण में लगे सुरक्षा बल के जवानों की मुठभेड़ नक्सलियों से हुई है. बुधवार को हुई इस मुठभेड़ के बाद एक शव बरामद किया गया है. पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में नक्सली को मारा गया है. नारायणपुर के एसपी मोहित गर्ग ने मुठभेड़ के बाद शव बरामद होने की पुष्टि की है. मुठभेड़ में सुरक्षा बल के 2 जवान भी घायल हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया जा रहा है.
नारायणपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक करियामेटा और बोदली के बीच सड़क निर्माण चल रहा है. निर्माण की सुरक्षा के लिए रोड ओपनिंग पार्टी निकली हुई थी. इसी दौरान नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद जवानों की ओर से भी फायरिंग की गई. मुठभेड़ रूकने के बाद एक महिला का शव बरामद किया गया है. पुलिस का दावा है कि मृतक महिला नक्सली थी.
पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के बाद मौके से एक एसएलआर और एक 12 बोर की रायफल बरामद किया गया है. लगभग आधे घन्टे तक दोनों ओर से फायरिंग की गई. मौके पर जवानों ने मुठभेड़ के बाद सर्चिंग की. बता दें कि बस्तर में सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों का आमना सामना लगातार हो रहा है. दो दिन पहले सुकमा में भी मुठभेड़ के बाद दो इनामी नक्सलियों का शव बरामद करने का दावा किया गया. दोनों नक्सली पर एक एक लाख रुपये के इनामी थे. इसके अलावा सुकमा के ही भेज्जी थाना क्षेत्र में डीआरजी, एसटीएफ व 202 कोबरा की सयुक्त पार्टी को रावाना किया गया था. 26 अप्रैल को टीम को रवाना किया गया था. यहां जवानों को देख नक्सली फरार हो गए
