रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह (Raman Singh) ने प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश के राजनांदगांव जिले में 4 दिन से कोरोना के टेस्ट (Corona Test) बंद हो चुके हैं. क्योंकि यहां पिछले चार दिनों से एक भी टेस्टिंग किट नहीं पहुंची है. उन्होंने कहा कि सरकार की इससे बड़ी असफलता क्या होगी. मौत के आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं और जिलें में कोरोना टेस्ट भी नहीं हो रहा है. ऐसे में कोरोना संक्रमितों पर संक्रमितों की पहचान कैसे हो पाएंगी और उनका इलाज कैसे होगा.
छत्तीसगढ़ कोरोना कम्युनिटी स्प्रेड या ट्रांसमिशन के चरण में पहुंच गया है. इसके कारण राज्य में बेहद गंभीर स्थिति बन गई है. प्रदेश में रोज 100 से अधिक लोगों की मौत हो रही है. कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है. लेकिन, इसके असली सोर्स का पता नहीं चल पा रहा है. विशेषज्ञ इस दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन उनका प्रयास कोई रंग नहीं दिखा रहा है.
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी. एस. सिंहदेव ने न्यूज 18 से बातचीत में कहा कि राज्य में कोरोना कम्युनिटी स्प्रेड के चरण में है. संक्रमण का सोर्स पता नहीं चलने के चलते कोरोना गाइडलाइन का पालन करना और भी ज्यादा जरूरी हो गया है.
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के आंकड़े रोज नया रिकॉर्ड बना रहे हैं. हर दिन यहां सौ से ज्यादा मौतें हो रही हैं. अब तक 6083 लोगों की मौत हो गई है. कुल पीड़ितों की संख्या पांच लाख 58 हजार 674 हो गई है. वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या एक लाख 29 हजार है. तमाम जानकारों का कहना है कि राज्य में संक्रमण जिस तेजी से फैल रहा है, वह तो चिंता का विषय है ही.
