दुर्ग। जिले में कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़ों को लेकर राज्य ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग दुर्ग से जवाब तलब किया है।
दरअसल गुरुवार रात राज्य स्तर पर जारी रिपोर्ट में दुर्ग जिले में कोरोना से 34 मौत होना बताया गया था, जबकि जिला स्तर पर जारी रिपोर्ट में आठ मौत होने की जानकारी दी गई थी। मौतों की संख्या में इतने बड़े अंतर को लेकर राज्य ही नहीं जिला स्तर पर भी खलबली मची हुई है।
जिले में कोरोना से होने वाली मौतों के आकंड़ों को छुपाने का आरोप स्वास्थ्य विभाग पर शुरू से ही लगता रहा है। बीच-बीच में मौत के आंकड़ों की आडिट भी कराई गई थी। इसके बाद भी राज्य और जिला स्तर पर कोरोना से होने वाली मौतों के कुल आंकड़ों में शुरू से ही भिन्नाता देखने को मिलती रही है।
लेकिन गुरुवार को राज्य सरकार द्वारा जारी बुलेटिन में दुर्ग जिले में कोरोना से होने वाली मौत की संख्या को 34 दर्शाया गया है वहीं जिला स्तर पर जारी रिपोर्ट में संख्या आठ बताई गई है। एक ही दिन में जिला व राज्य स्तर पर जारी आंकड़ों में मौत की संख्या में 26 का अंतर होना पाए जाने पर खलबली मची हुई है।
राज्य से जारी आंकड़े के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची रही। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौत के आंकड़ों का फिर मिलान करने में लगे रहे।
वहीं शासन स्तर पर इस मामले को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग से फिर जानकारी मांगी गई है। सीएमएचओ डा.गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि आंकड़ों में कहां चूक हुई है इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
