राजनांदगांव। महीनेभर के लाकडाउन से जिले में कोरोना संक्रमण की कमर टूटने लगी है। संक्रमण अब ढलान पर आ गया है। हर रोज कोरोना संक्रमण का पाजिटिव दर कम हो रहा है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने लाकडाउन के बीच छूट की अवधि बढ़ा दी है, लेकिन छूट से राहत मिलने के बाद लोग अब लापरवाही कर रहे हैं।
मार्केट एरिया में लोग बेवजह भीड़ लगाकर कोरोना को फिर दावत देने का काम कर रहे हैं। यह लापरवाही खतरनाक हो सकती है। बिना कारण घर से नहीं निकलने की लगातार समझाने के बाद भी लोग प्रशासन के निर्देशों का मजाक बना रहे हैं।
वर्तमान में कोरोना का संक्रमण दर आठ फीसद पर आ गया है। इसे और नीचे गिराने के लिए कलेक्टर टीके वर्मा ने भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस और राजस्व विभाग को दे रहा निर्देशित किया है। गंभीर बात तो यह है कि शहर में ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग कोरोना संक्रमण का कहर कम होने की खबर के बाद लापरवाही करने लग गए हैं। कई दुकानदार मनाही के बाद भी दुकान खोल रहे हैं। सब्जी और फल वाले दुकान लगाने लगे हैं। इसके चलते यहां भीड़ बढ़ने लगी है।
दुकानों में लग रही भीड़
लाकडाउन के बीच प्रशासन ने किराना दुकानों का समय दोपहर तीन बजे तक बढ़ा दिया है। इससे पहले किराना की दुकानें दोपहर 12 बजे तक ही खुल रही थी। लाकडाउन के चौथे चरण में छूट की अवधि बढ़ाने से दुकानों में भीड़ जुटने लगी है।
भीड़ बढ़ने से दुकानदार भी होम डिलीवरी को छोड़ दुकान खोलकर ही सीधे सामान बेच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी किराना के साथ और भी कई दुकानों का शटर खुल रहा है। मोबाइल दुकानें भी खुल रही है। आधा शटर उठाकर चप्पल-जूता की दुकानें भी खुलने से भीड़ पहले से बढ़ गई है। इस पर नियंत्रण करने के लिए ही प्रशासन ने सख्ती बरतने कहा है।
बेवजह घर से निकलने वालों पर होगी कार्रवाई
जिले में कोरोना का संक्रमण दर आठ फीसद पर आ गया है। लाकडाउन से पहले संक्रमण दर 32 प्रतिशत तक पहुंच गया था। मौत का आंकड़ा भी डेढ़ माह में काफी बढ़ा। वर्तमान में मृत्यु दर भी ढलान पर है। ऐसी खबरों के बाद लोग अब बिना कारण भी घर से बाहर निकलने लगे हैं।
ऐसे लोगों के खिलाफ ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम कार्रवाई करेगी। शहर के चौराहों पर पुलिस ने चेकिंग पांइट भी लगाया है, जहां आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसमें ज्यादातर लोग मेडिकल या अस्पताल जाने का बहाना कर पुलिस की कार्रवाई से बच रहे हैं।
सावधान… शादी वाले घरों में पहुंचेगी टीम
कोरोना काल में वैवाहिक आयोजन भी हो रहे हैं। प्रशासन ने इसके लिए संख्या भी निर्धारित कर दी है। शादी घरों में 20 से ज्यादा लोगों के शामिल नहीं होने निर्देशित किया गया है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के अलावा शहर में ही कई जगह शादी के आयोजनों में 60 से 70 लोग शामिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों क्षेत्रों में तो संख्या सौ से पार हो रही है। ऐसे में संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है। इसको लेकर कलेक्टर ने सभी एसडीएम व तहसीलदारों को शादियों में आकस्मिक जांच करने कहा है। प्रोटोकाल व निर्धारित संख्या से अधिक व्यक्ति होने पर चालानी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।
नियंत्रण में संक्रमण, बढ़ सकता है राहत का दायरा
लाकडाउन की मियाद 15 मई की सुबह छह बजे समाप्त हो जाएगी। यानी शनिवार से बंदिशें खत्म होने के साथ ही बाजार खुल सकता है, लेकिन बंदिशें जारी रखी जा सकती है। शहर के बाद जिले में भी कोरोना का संक्रमण नियंत्रण में आ गया है। मृत्यु दर भी काफी कम हो तुकी है।
ऐसे में शनिवार से बाजार ही नहीं बाकी सब कुछ भी सामान्य हो सकता है, लेकिन बंदिशें पूरी तरह से नहीं हटाई जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों के अनुसार छूट की सीमा बढ़ाई जा सकती है। सरकारी कार्यालयों में कामकाज शुरू किया जा सकता है। हालात के हिसाब से कई सेवाएं सशर्त बहाल की जा सकती है। इस पर गुरुवार को फैसला किया जा सकता है।
