राजनांदगांव। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से कोरोना संक्रमण के बाद जिले में शराब की खेप भी आसानी से पहुंच रही है। जिले की सीमाएं सील है।
यहां पुलिस का पहरा है। इसके बावजूद महाराष्ट्र से शराब के माफिया आसानी से शराब लेकर जिले की सीमा पार कर रहे हैं। इनमें से कुछ मामलों पर पुलिस कार्रवाई भी कर रही है। लेकिन आबकारी विभाग अब भी खामोश है। पिछले छह दिनों में ही पुलिस ने शराब तस्करी के 44 मामले पकड़े हैं, जिसमें 49 आरोपितों के साथ पुलिस ने महाराष्ट्र की दो लाख रूपये से अधिक की देसी शराब बरामद की है।
बड़ी बात यह है कि अधिकांश मामले बार्डर पार होने के बाद पकड़े गए हैं। इससे सीमाओं पर की गई सख्ती पर सवाल उठने लगा है। हालांकि एएसपी कविलाश टंडन ने कहा कि सीमाओं पर सख्ती के साथ शराब परिवहन को लेकर जांच भी की जा रही है। कुछ अंदरुनी रास्ते हैं, जो महाराष्ट्र पहुंचते हैं। ऐसे रास्तों पर भी नजर रखा जा रही है। शराब के अवैध परिवहन को लेकर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
16 पेटी शराब छोड़कर भागे तस्कर गुरुवार की रात करीब साढ़े दस बजे शहर के पेंड्री अटल आवास चौक के पास लालबाग पुलिस ने शराब से भरी कार बरामद की है। कार में 16 पेटी महाराष्ट्र की देसी शराब भरी थी, जिसे छोड़कर आरोपित भाग खड़े हुए। लालबाग थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि बीती रात मुखबिर ने सूचना दी कि हाइवे में तुमड़ीबोड़ की ओर से तेज रफ्तार कार शहर की ओर जा रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपित शराब के तस्कर कार को तेज स्पीड में भगाते हुए पेंड्री के पास कार को छोड़कर भाग निकले। कार में 16 पेटी महाराष्ट्र की देशी शराब भरी थी, जिसे पुलिस ने कार के साथ बरामद कर लिया है। जब्त शराब की कीमत 39 हजार 936 रुपये बताई गई है।
गैंदाटोला पुलिस ने दो आरोपितों को दबोचा इधर गैंदाटोला पुलिस ने महाराष्ट्र से शराब लेकर लौट रहे बाइक सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपित जितेंद्र कुमार साहू और निमेश यादव राजनांदगांव सुरगी से लगे ग्राम भोथीपार के रहने वाले हैं। आरोपित अपनी बाइक में पेटी महाराष्ट्र की देशी शराब लेकर आ रहे थे, जिसकी सूचना पर गैंदाटोला पुलिस ने ग्राम फाफामार व मासूल तिराहा के पास आने-जाने वाले लोगों की जांच की।
इस दौरान बाइक में सवार दोनों आरोपितों को रोककर पुलिस ने जांच की, तो उनके पास एक पेटी शराब बरामद किया गया। बाइक और शराब को जब्त कर पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया हैं।
छह दिन में दो लाख की शराब जब्त जिले में लाकडाउन के बाद भी पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से बेधड़क शराब की तस्करी हो रही है। लगातार ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं। पुलिस ने पिछले छह दिनों में ही शराब तस्करी के 44 मामले पकड़े हैं, जिसमें 49 आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इन आरोपितों से पुलिस ने दो लाख से अधिक रूपये के शराब तक बरामद किए हैं। एक दिन पहले ही पुलिस ने चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 60 हजार रुपये से अधिक का शराब पकड़ा है। वहीं शराब तस्करों से 15 मोटर साइकिल व मोपेड बरामद की है। इसके अलावा दो कार भी जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत साढ़े 13 लाख रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारियों को युद्ध स्तर पर कार्रवाई के निर्देश लाकडाउन में जिले की सीमाएं सील है। बार्डर पर सख्ती बरती जा रही है। हर आने-जाने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है। इसके बाद भी शराब के तस्कर महाराष्ट्र से शराब लेकर जिले की सीमा पार कर रहे हैं।
