राजनांदगांव। जिले में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर से नियंत्रण में आ गया है। करीब दो माह बाद शहर में नए मरीजों का आंकड़ा 100 के नीचे आया है। मार्च के पहले हफ्ते में 100 से कम संक्रमित मिल रहे थे। खैरागढ़ को छोड़ जिले के ब्लाकों में भी हर दिन मिलने वाले मरीजों की संख्या माहभर बाद सौ के नीचे आ गई है।
जिले में लाकडाउन को 28 दिन हो चुके हैं। इस दौरान प्रशासन की सख्ती और लोगों की जागरूकता निर्णायक रही। हालांकि इसी अवधि में कोरोना ने दौ सौ से अधिक लोगों की जान भी ली है।
अप्रैल के दूसरे से चौथे हफ्ते तक के बीच शहर में हर दिन 500 से अधिक लोग संक्रमित हो रहे थे। बीच-बीच में यह आंकड़ा 800 से भी पार रहा। एक अप्रैल को जिले में कुल 405 मरीज मिले थे। इनमें शहर से 155 थे। दो अप्रैल को 383 में 93 शहर के थे।
तीन अप्रैल को यह संख्या क्रमशः 346 व 181 थी। उसके बाद से लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती गई। मार्च के तीसरे हफ्ते में जिले में कोरोना का लगभग खात्मा हो चुका था। तब छिटपुट लोग की संक्रमित हो रहे थे।
चार दिनों में 100 से कम शहर में कोरोना की रफ्तार थमने का सिलसिला तो अप्रैल के अंत से ही तेज हो गया था। मई के पहले हफ्ते में यह हर दिन 100 से कम हुआ। पिछले चार दिनों में जिले में औसत रूप से 2393 मरीज मिले। यानी हर दिन 598।
वहीं शहर में इन चार दिनों में महज 397 संक्रमितों की ही पहचान की जा सकी। इस तरह यह औसत 99.25 का रहा। छह मई को जिले में कुल 533 में से शहर से 88 थे। पांच मई को यह संख्या 584 व 89 थी। उसके पहले चार मई को 617 व 110 तथा तीन मई को 659 व 110 नए मरीजों की पहचान की गई थी।
