राजनांदगांव। लाकडाउन और कोरोना काल के बाद भी कई परिवार में वैवाहिक आयोजन हो रहा है। प्रशासन ने वैवाहिक कार्यक्रमों में अधिकतम 20 लोगों के शामिल होने की छूट दी है, लेकिन कई घरों में 50 से 100 लोग शादी में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है। मनाही के बाद भी लोग कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जारी प्रोटोकाल का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे ही घरों में अब प्रशासन नजर रखेगी। शादी घरों में अगर निर्धारित संख्या से अधिक लोग शामिल हुए तो परिवार वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में एक से दस मई के बीच थोक में शादियां होंगी। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर एसडीएम कार्यालयों में आवेदन भी आए हैं। जिले में 1334 आवेदन शादी के लिए आए हैं, जिस पर प्रशासन सशर्त अनुमति भी दे रहा है। लेकिन लोग लाकडाउन और कोरोना के कहर को भूल कर निर्धारित से अधिक संख्या में वैवाहिक आयोजनों में शामिल हो रहे हैं।
निगरानी करने दिए निर्देश कलेक्टर टीके वर्मा ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए वैवाहिक कार्यक्रम में भी शामिल होने वाले लोगों की संख्या निर्धारित कर दी है। शादी में 20 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकते, लेकिन कई परिवार में इससे अधिक संख्या में घरवाले ही हैं। वहीं बाराती भी। ऐसे में संख्या 50 से पार भी हो रही है। लगातार मिल रही ऐसी शिकायतों को लेकर कलेक्टर ने अफसरों को शादी वाले घरों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। यही नहीं कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया है कि अगर किसी परिवार में वैवाहिक आयोजन में निर्धारित से अधिक संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं, तो परिवार वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। इसको लेकर वैवाहिक कार्यक्रम के लिए आवेदन करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में शिकायत ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार शिकायत आ रही है कि शादी वाले घरों में 50 से 100 लोग शामिल हो रहे हैं। इससे संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है। इसको लेकर प्रशासन ने शादी के लिए आवेदन करने वालों को मौके पर ही समझाइश दे रहे हैं। बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में प्रोटोकाल का पालन नहीं हो रहा है। जिसके कारण कलेक्टर ने अफसरों को लगातार मानिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोग कोरोना को बढ़ावा ना दें। वैवाहिक कार्यक्रम के साथ प्रशासन ने अंत्येष्ठी कार्यक्रम में भी निर्धारित संख्या में लोगों को उपस्थित होने कहा है। कलेक्टर ने इन कार्यक्रमों के लिए जारी आदेश का पालन नहीं करने वाले और अधिक संख्या में लोग उपस्थित होने पर कार्रवाई करने कहा है। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना का कहर जारी है। संक्रमण की चैन तोड़ने के लिए सभी लोगों को जागरूकता का परिचय देना जरूरी है। कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए जारी प्रोटोकाल का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जरूर करेंगे।
