खैरागढ़ । खैरागढ़ अंचल वर्तमान में कोरोना महामारी की दूसरी लहर से बुरी तरह प्रभावित है। बीते एक वर्ष में अंचल से जहां एक ओर हजारों लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। वहीं अब तक सैकड़ों लोगों की इस महामारी में जान जा चुकी है, अभी भी सौ से अधिक लोग उपचाररत हैं। ऐसे विपरीत समय में प्रशासन के साथ केंधे से कांधा मिलाकर सकल जैन श्रीसंघ खैरागढ़ के सेवाभावी लोग मुश्किल समय में मिशाल पेश कर रहे हैं। तीन दिन पहले ही भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में कोरोना के चलते किसी भी तरह का कोई आयोजन नहीं कर संघ के कर्तव्यनिष्ठों ने संजीवनी 108 जैसी जीवन रक्षक एंबुलेंस सुविधा भी शुरू की है। वहीं बीते दो दिनों से संघ के सेवाभावियों ने खैरागढ़ में कोरोना से संक्रमित मरीजों के उपचार व उनकी जान बचाने के लिये ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लाई की सेवा पूरी तरह अपने हाथों में ले ली है और निश्शुल्क जरूरतमंदों को आक्सीजन सेवा की सप्लाई दी जा रही है।
सकल जैन श्रीसंघ के अतुलनीय सेवा कार्य का अंदाजा बस इस बात से लगाया जा सकता है कि बीते 203 दिन से संघ के सेवाभावी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अनवरत जरूरतमंदों को आक्सीजन सिलिंडर निःशुल्क मुहैय्या करा रहे हैं। वहीं अब तक 550 से अधिक जरूरतमंदों को आक्सीजन पहुंचा चुके है। संघ के अध्यक्ष कमलेश कुमार गिडिय़ा ने बताया कि बीते सात अक्टूबर 2020 से मात्र छह आक्सीजन सिलिंडर के साथ उक्त सेवा कार्य की शुरूआत की गई थी और सेवाभावियों के सहयोग से खैरागढ़ में निरंतर आक्सीजन सप्लाई का कार्य अनवरत चल रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन 25 से अधिक आक्सीजन सिलिंडर रसमड़ा पावर प्लांट से रिफिलिंग कर मंगाई जा रही है। संघ के इस पुनित कार्य में अब अलग-अलग वर्ग समुदाय के लोग भी जुड़ रहे हैं। हाल ही में किरण किशोर सिंह (शिक्षिका), आरईएस एसडीओ मनीष साहू, संजय, सतीश, सुमित पिता भीखमचंद छाजेड़, प्रवीण भागचंद पारख, उपअभियंता हेमेंद्र सिंह चंद्रा, सुरेश ठाकुर ग्रीन सीटी राजनांदगांव, समाजसेवी संदीप लखनलाल सिरमौर, नीलकांत करण महोबे व प्रकाश पाठक सहित कई सेवाभावी सहयोग कर रहे हैं।
आक्सीजन सप्लाई के लिए संघ ने जारी की हेल्पलाईन नंबर जरूरतमंदों को ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति के लिए सकल जैन श्रीसंघ निरंतर प्रयासरत है। संघ के मंत्री महावीर छाजेड़ ने बताया कि उक्त कार्य के लिए सहयोग लेने व सहयोग करने संघ के सेवाभावी कमलेश कुमार गिडिय़ा, विजय छाजेड़, संजय पारख, नरेन्द्र बोथरा, नेमी चोपड़ा, सुनील चौरडिय़ा, पूनम कोटडिय़ा, अजय छाजेड़, पियूष छाजेड़, वीरेन्द्र डाकलिया से संपर्क किया जा सकता है। वहीं दूरभाष क्रमांक 9644063219, 9827651111 व 9827160618 पर संपर्क किया जा सकता है।
आमजनों की मदद के लिए दान में दी तीन आक्सीजन कांसनट्रेटर मशीन वैश्विक महामारी कोरोना के इस विपरीत समय में लोग अपनों को खोकर गमजदा हैं। वहीं कुछ लोग इस महामारी में बढ़-चढ़कर जनसहयोग की भावना के साथ मदद के लिए सामने आ रहे हैं। ऐसी ही नेकियत के साथ जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव व सहकारी बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक जफर हुसैन खान के द्वारा अपने मरहूम परिजनों की स्मृति में इस दौर में बहुउपयोगी तीन आक्सीजन कांसट्रेटर मशीन (मरीज को 24 घंटे आक्सीजन बनाकर आक्सीजन सप्लाई करने वाली मशीन) दान में दी है। गौरतलब है कि कोविड-19 के दूसरे दौर में खैरागढ़ नगर से ही अब तक 50 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। नगर में बहुत से परिवार ने अपनों को खोया है और इस दर्द भरे मंजर में मुस्लिम समाज की अपील पर जफर हुसैन खान द्वारा अपने दिवंगत परिजन मरहूम शमशूल हक, मरहूम मोबिन खान व मरहूम मंजूर खान की स्मृति में तीन मशीनें दान में दी गई है। जो किसी भी जरूरतमंद को निश्शुल्क उपयोग के लिए दी जाएगी। मशीनें आने के बाद से ही इसका उपयोग भी शुरू हो गया है। इस नेक नियत काम को लेकर जामा मस्जिद कमेटी एवं मुस्लिम समाज के लोगों ने जफर हुसैन खान परिवार का इस विपत्ति के दौर में मदद के लिए तहे दिल से शुक्रिया अदा किया है।
एमपी सीमा से लगे गातापार जंगल में लगा चेकपोस्ट, स्वास्थ्यकर्मी कर रहे हैं कोरोना जांच प्रदेश में लगातार बढ़ रहे संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन-प्रशासन द्वारा लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में बाहरी राज्यों से प्रवेश करने वाले लोगों की कोरोना जांच किए जाने के आदेश के बाद 27 अप्रैल से गातापार जंगल की सीमा में भी स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती हो गई है, जो बाहरी राज्यों से आने वालों की जांच में जुट गए हैं। गौरतलब है कि बीते लगभग माहभर से गातापार की सीमा में आवागमन करने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग के माध्यम से जांच की जा रही थी। जिसके लिए शिक्षा विभाग के कर्मचारियों सहित गातापार पुलिस तैनात थे। लेकिन लगातार बढ़ रहे संक्रमण के बाद इस पर काबू पाने शासन के आदेश के बाद कलेक्टर के द्वारा आदेश जारी किया गया। प्रदेश की सीमा पार करने वालों की मौके पर ही कोरोना जांच की जाएगी। जिसके बाद अब गातापार जंगल सीमा क्षेत्र में स्वास्थ्यकर्मी एंटीजन किट के साथ लोगों की जांच करने तैनात हो गए हैं। मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र से आने वाले लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। बीपीएम सतंजय ठाकुर ने बताया कि अंतरराज्यीय सीमा पर 12-12 घंटे की जांच सेवा के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जिसमें एसआर भुआर्य, राजेंद्र उईके, दिग्विजय कंवर, लीलेश साहू, युवराज वर्मा व माणिक पाल शामिल हैं।
रोजाना हो रही आवाजाही प्रदेश में लाकडाउन होने के बाद भी अन्य राज्यों से रोजाना लोगों की आवाजाही लगी रहती है। जिसके कारण संक्रमण भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में संक्रमण पर काबू पाना बेहद आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार गातापार जंगल की सीमा में 24 घंटे स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना जांच करेंगे। जिसके लिए 12 घंटे के बाद कर्मचारियों को बदला जाएगा। मौके पर पाजिटिव आने वाले आगंतुकों को त्वरित रूप से वाहन के माध्यम से होम क्वारंटाइन अथवा कोविड केयर सेंटर में दाखिल किया जाएगा। मामले को लेकर बीपीएम सतंजय ठाकुर का कहना है कि गातापार जंगल में शिविर लगाकर आगंतुकों की कोरोना जांच की जा रही है, जांच में पाजिटिव पाए जाने पर आगंतुकों को होम क्वारंटाइन अथवा कोविड केयर में उपचार के लिए दाखिल किया जाएगा। वहीं जिन आगंतुकों के पास 72 घंटे पूर्व की नेगेटिव कोरोना रिपोर्ट है, उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जिपं सभापति से क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की ली जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह अपने विधानसभा राजनांदगांव के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों की जानकारी व्यक्तिगत रूप से ले रहे है। पांडादाह क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य व सभापति घम्मन साहू (अधिवक्ता) से उनके दूरभाष पर संपर्क कर उनकी एवं परिजनों की स्वास्थ्यगत जानकारी ली। साथ ही पांडादाह क्षेत्र में कोरोना महामारी से संबंधी विस्तृत जानकारी लेते हुए क्षेत्र के कोविड सेंटर में स्वास्थ्य सुविधा का भी हालचाल जाना। वहीं कोरोना के संकट को देखते हुए क्षेत्र के लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित करने की बात कही। इस दौरान डा.सिंह ने क्षेत्र के पीड़ित परिवारों व अपने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक मदद मुहैया कराने के लिये प्रेरित किया। डा.रमन सिंह दूरभाष के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सुध ले रहे हैं। क्षेत्र में कोरोना संक्रमण सहित जांच की स्थिति तथा टीकाकरण की स्थिति से संबंधित जानकारी भी ले रहे हैं तथा लोगों को संक्रमण से सुरक्षित रहने की सलाह दे रहे हैं।
टीका लगाने से पहले लोगों की जांच जरूरी-विप्लव साहू कोरोना वायरस ने तबाही मचाते हुए जिले को भी अपने चपेट में ले लिया है। उचित स्वास्थ्य व्यवस्था के अभाव में जिले में रोजाना दर्जनों लोगों की जान जा रही हैं। विश्वभर में इसका कोई सटीक दवाई खोजा नहीं जा सका है। ऐसे हालात में टीका ही एकमात्र सहारा दिखाई देता है। जिला पंचायत सदस्य और सहकारिता विभाग के सभापति विप्लव साहू ने कहा है कि लोगों में समझ और जागरूकता की कमी के कारण टीकाकरण को लेकर तमाम तरह की अफवाहें और भ्रम के हालात पैदा हो गए हैं। जबकि टीके का ईजाद ही इसलिए हुआ है कि शरीर के प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत बनाकर कोरोना वायरस के हर म्यूटेंट और स्ट्रेन का मुकाबला किया जा सके। हालांकि टीका के बेहतर परिणाम के लिए वैज्ञानिक लगातार शोध कर रहे हैं। वहीं अभी लगाया जा रहा मौजूद टीका 70 प्रतिशत तक ही लोगों को सुरक्षा दे रहा है। कुछ भी नहीं से तो वह भी बहुत है। विप्लव साहू का कहना है कि स्वास्थ विभाग और प्रशासन को चाहिए कि टीकाकरण के लिए आने वाले लोगों का पहले जांच हो फिर टीका लगाया जाए। ताकि किसी-किसी आदमी में वायरस के पहले मौजूदगी का परीक्षण किया जा सके और टीके के दुष्प्रभाव और साइड इफेक्ट से लोगों को परेशानी न हो।
