राजनांदगांव। महाराष्ट्र व अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की जांच में प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसके लिए प्रशासन ने जिले की इंट्री पाइंट बागनदी से जांच केंद्र को पाटेकोहरा बेरियर में शिफ्ट कर दिया है, जहां यात्री बसों के अलावा अन्य निजी वाहनों में सवार लोगों की जांच की जा रही है। यात्रियों से कोरोना जांच रिपोर्ट मांगा जा रहा है। रिपोर्ट नहीं दिखाने वाले यात्रियों की बेरियर में ही कोरोना जांच कर रहे हैं। इसके लिए पाटेकोहरा बेरियर में दो कोरोना जांच केंद्र बनाए हैं। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के साथ यहां शिक्षकों की भी ड्यूटी लगी है, जो सभी आने वाले यात्रियों की जांच कर रहे हैं। डोंगरगढ़ एसडीएम अविनाश भोइ ने कहा कि ज्यादातर यात्री कोरोना जांच कराकर ही पहुंच रहे हैं। रोजाना 50 से 60 लोगों की जांच भी कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन में भी प्रशासन ने कोरोना की जांच शुरू की है। यहां दो दिनों में 70 से अधिक यात्रियों की जांच की गई, जिसमें 15 यात्री पाजिटिव मिले हैं। संक्रमित यात्रियों की कांटेक्ट हिस्ट्री खंगालने के साथ स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को आइसोलेट करा दिया है।
पाटेकोहरा में शिफ्ट हुआ जांच जिले की सीमा और महाराष्ट्र से सटे बागनदी में पहले कोरोना जांच के साथ अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही थी। बागनदी में ग्रामीणों ने कोरोना जांच करने का विरोध किया, जिसके बाद प्रशासन ने पूरा सिस्टम पाटेकोहरा जांच चौकी में शिफ्ट कर दिया है। यहां बेरियर में ही कोरोना जांच रिपोर्ट चेक हो रही है। वहीं रिपोर्ट नहीं दिखाने वाले यात्रियों की कोरोना जांच भी कर रहे हैं।
लगातार अफसर कर रहे मॉनिटरिंग पाटेकोहरा बेरियर में महाराष्ट्र व अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की जांच की लगातार मानिटरिंग भी की जा रही है। दुर्ग रेंज आइजी विवेकानंद सिन्हा भी यहां निरीक्षण कर पुलिस जवानों को जिम्मेदारी बांट चुके हैं। वहीं कलेक्टर सहित एसडीएम और तहसीलदार भी निरीक्षण कर व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी अफसरों की टीम जांच चौकी में यात्रियों की जांच की जानकारी ले रहे हैं।
मालवाहक चालकों को ही छूट खाद्य व अन्य सामान लेकर जिले में घूस रहे मालवाहक चालकों को ही छूट दी जा रही है। बाकी निजी मालवाहक व सवारी वाहनों में आने वाले लोगों की जांच की जा रही है। यात्री बसों में महाराष्ट्र व अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की भी जांच हो रही है। बताया गया कि अधिकांश यात्री कोरोना जांच करवाकर ही पहुंच रहे हैं, उनकी रिपोर्ट देखने के बाद ही जिले में इंट्री करने की छूट दी जा रही है। रोजाना छह से सात सौ लोग आ रहे हैं, जिसमें से अधिकांश लोग जांच रिपोर्ट लेकर ही आ रहे हैं। जिनके पास रिपोर्ट नहीं है उनकी कोरोना जांच की जा रही है। बेरियर में रोज 70 से 80 लोगों की जांच कर रहे हैं।
