दुर्ग। जिले में कोरोना की दूसरी लहर को लेकर मचे कोहराम के बीच पिछले दो दिन से कोरोना जांच के आंकड़े में कमी आ रही है। इसे लेकर प्रशासन असमंजस की स्थिति में है। केद्रों में कोरोना जांच के लिए भीड़ कम होने से या तो संक्रमण की स्थिति कम हो गई है अथवा लक्षण आने पर भी मरीज जांच के लिए नहीं पहुंच रहे होंगे।
दुर्ग-भिलाई के कोरोना जांच केंद्रों में पिछले कुछ दिनों से टेस्टिंग करवाने वालों की भीड़ पहले की तुलना में थोड़ी कम नजर आ रही है।
रविवार 25 अप्रैल को जिले में मात्र 2600 लोगों को कोरोना जांच हुई थी। वैसे भी रविवार अवकाश के दिनों में पहले भी कोरोना जांच अन्य दिनों के बनिस्बत कम होती रही है। लेकिन इसकी संख्या भी तीन हजार से नीचे नहीं गई थी। वहीं 26 अप्रैल को जांच का आंकड़ा 3671 तक पहुंच गया।
जबकि 24 अप्रैल को 4130,23 को 4065 और 22 अप्रैल को 4500 लोगों की कोरोना जांच हुई थी। जिले में कोरोना का संक्रमण फैलने के बाद अप्रैल महीने के प्रथम सप्ताह से ही रोजाना चार हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच की जा रही थी। यह आंकड़ा पांच हजार से भी अधिक पहुंच गया था। कोरोना जांच के आंकड़ों में आने वाली कमी को देखते हुए प्रशासन असमंजस की स्थिति में हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में कोरोना का संक्रमण होता दिख रहा है यदि इस वजह से टेस्टिंग में कमी आ रही है तो अच्छी बात है लेकिन लक्षण आने पर भी जांच के लिए नहीं पहुंच रहे होंगे तो आगे स्थिति फिर चिंताजनक हो सकती है। हालांकि प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
कम लोग पहुंच रहे हैं जिले में कोरोना जांच के लिए किट की कमी नहीं है। प्रशासन द्वारा हर केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में जांच किट उपलब्ध करवाया गया है। जांच करवाने लोग कम पहुंच रहे हैं इसके कई कारण हो सकते हैं।
-डा.गंभीर सिंह ठाकुर सीएमएचओ दुर्ग
