निमोनिया की गंभीर बीमारी से हुई रिकवरी
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ के 62 वर्ष श्री शेख सईद कुरैशी कोरोना संक्रमित हुए और इसके बाद बाद निमोनिया की बीमारी ने गंभीर रूप ले लिया था। उन्होंने बताया कि कोरोना से लडऩे के लिए आंतरिक शक्ति मजबूत होना बहुत जरूरी है। दृढ़ इच्छाशक्ति से ही इस बीमारी का सामना किया जा सकता है। श्री शेख सईद कुरैशी ने बताया कि वे लगभग एक सप्ताह से बीमार थे और वायरल फीवर समझ रहे थे। सिटी स्कैन कराने पर निमोनिया बढ़ा हुआ था और वे 12 अप्रैल को कोविड-19 ट्रिटमेंट हॉस्पिटल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोमनी में एडमिट हुए थे। इलाज शुरू होते ही राहत मिली और ऑक्सीजन सेचुरेशन भी ठीक रहा।
श्री शेख सईद कुरैशी एवं उनके बेटे श्री वसीम कुरैशी ने कहा हॉस्पिटल में इलाज उम्मीद से ज्यादा अच्छा था और वहां ड्यूटी पर उपस्थित डॉ. राहुल त्रिपाठी ने लगातार उनके इलाज के साथ ही उनके स्वास्थ्य के संबंध में पूरी जानकारी दी एवं उन्हें हौसला दिया। श्री शेख सईद कुरैशी ने डॉक्टर एवं वहां के स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल में भोजन एवं अन्य व्यवस्था अच्छी थी।
