रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर पुलिस ने आपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्वालियर निवासी आरोपित को 10 किलो गांजा के साथ गिरफ़्तार किया है। रायपुर में गांजा तस्करी के आरोप में युवक को दबोचा गया है।
बता दें कि मामला कबीरनगर थाना क्षेत्र के रिंग रोड न.2 पर स्थित आइसर शोरूम के गेट नंबर एक के पास का है। पुलिस ने एक यात्री बैग में रखे हुए गांजा को युवक के साथ मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपित के पास से एक यात्री बैग बरामद किया गया, 10 किलो गांजा था।
पूछताछ में युवके ने अपना नाम 26 वर्षीय रंजीत सिंह बताया। आरोपित ने स्वयं को ग्वालियर मध्यप्रदेश का बताते हुए पेशे से ड्राइवर होना बताया। पुलिस ने बताया कि उन्हें काफी लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि आरोपित द्वारा कबीर नगर इलाके के हीरापुर में मादक पदार्थ गांजा की तस्करी की जाती थी।
इसी सूचना पर कबीर नगर थाना पुलिस की विशेष टीम का गठन कर मुखबिरों को भी आरोपित की धरपकड़ हेतु लगाया गया था। आरोपी के पास से बिक्री रकम समेत एक मोबाइल भी जब्त किया गया है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
