राजनांदगांव।स्व अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति जिला अस्पताल में लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा है। यहां भर्ती किए गए मरीजों के साथ-साथ स्वजनों को भी बाहर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। अस्पताल परिसर में लगा वाटर एटीएम बंद पड़ा है। नगर निगम आयुक्त यह कहकर पल्ला झाड़ रहा है कि पानी की व्यवस्था टैंकरों के माध्यम से करवाई जा रही है।
बसंतपुर स्थित स्व अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति जिला अस्पताल में लगातार अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। कुछ दिनों से लगातार अस्पताल में इलाज करवाने आने वाले मरीजों को आक्सीजन बाहर से लाना पड़ रहा है। यह व्यवस्था से सुधर ही नहीं पा रही है। अब नई समस्या पैदा हो गई है। जो लोग अस्पताल आ रहे हैं, उन्हें पीने का पानी नसीब नहीं हो रही है। लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा लाखों रुपये खर्च कर अस्पताल में आने वाले मरीजों को शुद्ध पेयजल के लिए वाटर एटीएम भी लगाया गया है, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके। परंतु कुछ माह चलने के बाद ही वाटर एटीएम बंद पड़ गया जो अब तक शुरू नहीं हो सका। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके स्वजनों को पानी के भटकना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इतने बड़े अस्पताल में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। बाहर कैंटीन से पानी खरीद कर ला रहे हैं।
शहर सहित जिलेभर में कोरोना का मरीज बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। वही इन मरीजों को अस्पतालों में जहां बेड नहीं मिल रहा है। वहीं मरीजों को आक्सीजन नहीं मिल पा रही है। बसंतपुर अस्पताल में अब लोगों को पानी के लिए दो-चार होना पड़ रहा है। इस अस्पताल में वाटर एटीएम तो लगा है, लेकिन महीनों से बंद है, वही नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी का कहना है की निगम द्वारा अस्पतालों में टैंकर के माध्यम से पानी भेजा जा रहा है।
पानी टैंकर के माध्यम से मेडिकल अस्पताल में पानी पहुंचाया जा रहा है और वाटर एटीएम खराब है। उसे जल्द सुधारा जाएगा।
-आशुतोष चतुर्वेदी, आयुक्त नगर निगम
