राजनांदगांव । पड़ोसी राज्यों में मौसम के मिजाज में आए बदलाव का असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से गर्मी से काफी राहत मिली है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के प्रभाव से शनिवार को भी मौसम में ठंडकता बनी रहने की संभावना जताई गई है।बूंदाबांदी के साथ ही अंधड़ चलने की भी संभावना जताई गई है।
शुक्रवार को सुबह से आसमान साफ रहा, लेकिन दोपहर में हल्के बादल के बीच गर्मी से थोड़ी राहत भी महसूस की गई। यही कारण है कि इस वर्ष के गर्मी वाले दिनों में पहली बार अधिकतम तापमान पहली बार सामान्य से कम रिकार्ड किया गया। दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन पहले तक यह 41 डिग्री सेल्सियस पर था। मौसम में बदलाव का असर शनिवार को भी देखने को मिल सकता है। सहायक मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा का कहना है कि उत्तर और मध्य क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने अथवा छींटे पड़ने की संभावना है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अंधड़ चल सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान में इससे कोई खास फर्क पड़ने की संभावना नहीं है।
नमी ने लाई ठंडक मौसम विभाग के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा मध्य महाराष्ट्र के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। यहीं से एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका दक्षिण तटीय तमिलनाडु तट तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा दक्षिण तटीय उड़ीसा के ऊपर स्थित है । बंगाल की खाड़ी से प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में नमी आ रही है। इसके कारण शनिवार को प्रदेश के उत्तर और मध्य क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की वर्षा होने अथवा छींटे पड़ने की संभावना है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अंधड़ चलने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
हर दिन कम हो रहा तापमान मौसम में हाल के दिनों में आए बदलाव का असर तापमान में गिरावट के रूप में देखा जा रहा है। तीन दिन पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से दो डिग्री कम था। तब रात में पारा सामान्य से तीन डिग्री अधिक पर था। फिर बुधवार को अधिकतम तापमान 41 पर ही रहा, लेकिन रात में तापमान 22.9 के साथ सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया था। एक दिन पहले यानी गुरुवार को दिन में 38.8 डिग्री व रात में 24 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया था। शुक्रवार को दिन में सामान्य से एक डिग्री कम रहा तापमान।
