दिल्ली में अप्रैल में कोरोना संक्रमण ने खतरनाक रफ्तार पकड़ी हुई है। पिछले एक सप्ताह में ही डेढ़ लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि, अब तक इस महीने में कोरोना के 3.42 लाख मामले आ चुके है। चिंता की बात यह है कि कोरोना के मामले बढ़ने के साथ-साथ संक्रमण दर भी तेजी से बढ़ रही है और यह अभी भी 30 फ़ीसदी से अधिक बनी हुई है।
राजधानी में मार्च के आखिरी सप्ताह से ही कोरोना के दैनिक मामले बढ़ने लग गए थे। अप्रैल के पहले सप्ताह में रोजाना औसतन 4 हजार मामले आ रहे थे। दूसरे सप्ताह में यह संख्या दो गुना से ज्यादा बढ़कर 11 हजार हो गई, और तीसरे सप्ताह में 25 हजार तक पहुंच गई। संक्रमण के लगातार बढ़ते ग्राफ के कारण सक्रिय मरीजों की संख्या भी 93 हजार के पार पहुंच चुकी है। अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। आलम यह है कि इस समय 18 हजार से ज्यादा मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं।
कोरोना के रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ रहे मामलों के बीच संक्रमण दर भी लगातार बढ़ती जा रही है। इस समय कोरोना से संक्रमण दर करीब 32 फ़ीसदी है। यानी, 100 लोगों की जांच पर 32 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं। बीते कई दिनों से सरकार जांच की संख्या लगातार घटा रही है, लेकिन इसके बावजूद भी दैनिक मामलों में कोई कमी नहीं आ रही है। कोरोना की यह चौथी लहर सबसे खतरनाक साबित हो रही है।
2,863 लोगों को मौत
दिल्ली में बीते 24 दिनों में 2,863 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, जिस हिसाब से संक्रमण के मामले बढ़े हैं उसके मुकाबले कम लोगो की ही मौत हुई है इससे दिल्ली में कुल मृत्युदर घटकर 1.38% हो गई है। वहीं, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 8 दिनों में ही डेढ़ लाख तो स्वस्थ हो चुके हैं। यही कारण है कि दैनिक मामलों में तेजी से बढ़ने के बावजूद दिल्ली में कोरोना से रिकवरी दर करीब 90 फ़ीसदी बनी हुई है।
अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ पीके सिंघल का कहना है कि फिलहाल दिल्ली में संक्रमण कम होता नजर नहीं आ रहा है। हालांकि जिस हिसाब से मरीज स्वस्थ हो रहे हैं उससे लगता है कि करीब 1 सप्ताह बाद कोरोना का ग्राफ नीचे गिरना शुरू होगा। तब तक लोगों को बहुत ही सावधानी बरतने की जरूरत है।
24 दिन में ऐसे बदले हालात
तारीख – संक्रमित – स्वस्थ हुए – मौत
1 अप्रैल 2790 1121 09
4 4033 2677 21
8 7437 3687 24
12 11491 7665 72
16 19486 12649 141
20 28,395 19,430 277
24 24,103 22,695 357
नोट:आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं और 24 अप्रैल तक के हैं
