राजनांदगांव । कोरोना संक्रमण से जिले में लगातार हो रही मौत ने लोगों को डरा दिया है। अस्पतालों में बेड खाली नहीं मिलने के कारण भी कई लोगों का आक्सीजन लेबल घरों में डाउन हो रहा है। लोगों की इसी दहशत के चलते पखवाड़ेभर में आक्सीजन सिलिंडर की खपत बढ़ा दी है। जबकि लाकडाउन होने के बाद हफ्तेभर से संक्रमण की रफ्तार धीमी हो गई है। वर्तमान में नए पाजिटिव मरीजों से ज्यादा लोग स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं। लेकिन अस्पतालों में आक्सीजन की डिमांड हर रोज बढ़ रही है। जिले के अस्पताल और कोविड केयर सेंटरों में रोजाना 15 सौ से अधिक सिलिंडर आक्सीजन की खपत हो रही है। जबकि सप्ताहभर पहले एक हजार सिलेंडर की सप्लाई अस्पतालों में हो रही थी। अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद सिलिंडर की डिमांड बढ़ गई है। लोग घरों में भी आक्सीजन सिलिंडर मंगा रहे हैं।Ads by Jagran.TV
गांवों में भी घर मंगा रहे आक्सीजन कोरोना के ज्यादातर संक्रमित मरीज होम आइसोलेट हैं। अस्पतालों में बेड खाली नहीं है। आक्सीजन बेड तो हाउसफूल हैं। आइसीयू और वेंटिलेटर के लिए भी मरीज पेंडिंग में है। हालात यह हो गया है कि होम आइसोलेट मरीजों की तबीयत बिगड़ने पर घरों में ही आक्सीजन सिलिंडर मंगाकर मरीजों को लगाया जा रहा है। शहर में भी कई लोग बाजार से आक्सीजन खरीद कर घरों में संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
कोविड केयर सेंटरों में भी आक्सीजन बेड जिले के कोविड केयर सेंटरों में भी आक्सीजन बेड तैयार किए जा रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह आक्सीजन की कमी वाले मरीजों की बढ़ती संख्या है। कोरोना काल में सांस लेने में तकलीफ को लेकर लगातार मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। यही नहीं पिछले डेढ़ माह में जिनती भी मौत संक्रमण से हुई है, उसमें आक्सीजन यानी सांस लेने में तकलीफ की वजह से अधिकांश लोगों ने दम तोड़ा है। इसके कारण स्वास्थ्य विभाग कोविड केयर सेंटरों में भी आक्सीजन बेड तैयार करा रहे हैं।
आक्सीजन की कमी नहीं कलेक्टर टीके वर्मा ने कहा कि पेंड्री मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल के अलावा बसंतपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में आक्सीजन की कोई कमी नहीं है। कोविड केयर सेंटरों में भी आक्सीजन बेड तैयार किए गए हैं। जहां समाजसेवी व जनप्रतिनिधि अपने स्तर में भी आक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति कर रहे हैं। जिले में आक्सीजन की कमी नहीं है। सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी आक्सीजन की सप्लाई समय पर की जा रही है। कोविड केयर सेंटरों में भी आक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई हो रही है।
