उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए 20 जिलों में वोटिंग जारी है। फिरोजाबाद के जसराना ब्लाक नगला परदमन में फर्जी वोट ड़ालने को लेकर पोलिंग बूथ पर जमकर फायरिंग हुई। पोलिंग बूथ के अंदर पथराव, लाठी डंडे भी चले। यहां तक पोलिंग बूथ 132 का जंगला तोड़कर मत पेटिकाओं को लूटने की कोशिश हुई है। रायबरेली के लोरिकपुर में प्रधान प्रत्याशी की मौत के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया है। माखी में प्रधान प्रत्याशी के बेटे को मारने का मामला सामने आया है। पढ़ें चुनाव से जुड़ा हर अपडेट…
11 बजे तक मतदान प्रतिशत
उन्नाव जिले के सभी 16 विकासखंडों में 11 बजे तक 21.2 प्रतिशत मतदान हुआ।
कानपुर देहात में सुबह 11 बजे तक कुल 18 प्रतिशत मतदान हुआ।
बाराबंकी में 11:00 बजे तक 24% मतदाताओं ने डाले वोट
बलरामपुर में पंचायत चुनाव समय 11:00 बजे तक वोटिंग परसेंटेज – 20.60 प्रतिशत
मुरादाबाद में संक्रमण से बचाव के उपाय कहीं नजर नहीं आए
मुरादाबाद में पंचायत चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर संक्रमण से बचाव के उपाय कहीं नजर नहीं आए। निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों के बाहर थर्मल स्क्रीनिंग से मतदाताओं का तापमान चेक करने को कहा था, लेकिन बूथों पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था नजर नहीं आई। अधिकांश बूथों पर हाथ सैनिटाइज भी नहीं कराए जा रहे थे। कुछ बूथों पर मतदान कर्मी उसके अंदर आने पर सैनिटाइजेशन कर रहे थे लेकिन इनकी संख्या बहुत कम थी। कुछ स्थानों पर मतदाता ही कोरोना के प्रति जागरूक दिखे। कई मतदाता तो मास्क के साथ हाथ में दस्ताने और सर्जिकल ग्लव्स पहनकर ही वोट डालने आए। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी।
फिरोजाबाद में फर्जी वोट डालने को लेकर नगला परमदन में पोलिंग बूथ पर फायरिंग
फिरोजाबाद के जसराना ब्लाक नगला परदमन में फर्जी वोट डालने को लेकर पोलिंग बूथ पर जमकर फायरिंग हुई। पोलिंग बूथ के अंदर पथराव, लाठी डंडे भी चले। यहां तक पोलिंग बूथ 132 का जंगला तोड़कर मत पेटिकाओं को लूटने की कोशिश की गई है। मौके पर डीएम, एसपी के अलावा भारी मात्रा में सीआरपीएफ पहुंच गई। 83 वोट डालने के बाद काफी देर तक मतदान रुका रहा।
मुरादाबाद : मतदाताओं में उत्साह, सुबह 9 बजे तक 12 प्रतिशत मतदान
मुरादाबाद जिले में सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हो गया। छह ब्लॉकों में 210 सेक्टर और 12 जोन में सुबह 9 बजे तक 12 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं के उत्साह के कारण सुबह ही बूथों पर लंबी लाइनें लग गईं। छजलेट ब्लॉक के लडावली वली गांव में प्रत्याशी के बस्ते पर भीड़ जमा कर बैठे लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया और माइक से चेतावनी दी। डीएम राकेश कुमार सिंह और एसएसपी प्रभाकर चौधरी पुलिस बल के साथ बूथों पर जायजा ले रहे हैं।
मुरादाबाद में 9 बजे तक 12 प्रतिशत मतदान
मुरादाबाद में 9 बजे तक 12 प्रतिशत मतदान हुआ है। बिलारी के धकिया नारू गांव का पोलिंग बूथ नंबर 168 सुबह 9:30 बजे बिल्कुल खाली है।
माखी में हिस्ट्रीशीटर ने प्रधान प्रत्याशी के बेटे को मारी गोली
उन्नाव जिले में सुबह 9 बजे तक 10.92 फीसदी मतदान हुआ। सुबह 7 बजे पोलिंग शुरू होते ही केंद्रों पर वोटर पहुंचने लगे। कई केंद्रों पर 8 बजे तक लंबी लाइनें लग गईं। माखी थानाक्षेत्र के जगदीशपुर में हिस्ट्रीशीटर ने विपक्षी प्रधान प्रत्याशी के बेटे को गोली मार दी। फतेहपुर चौरासी के जाजमऊ अहतमली बूथ का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दूसरे कर्मचारी को बुलाया गया। इससे यहा डेढ़ घंटे बाद मतदान शुरू हो सका। डीएम सहित अन्य अधिकारी भ्रमण कर मतदान और शांति व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
अमेठी मे मास्क लगाकर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे मतदाता
अमेठी में कड़ी सुरक्षा के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदान प्रक्रिया जारी है। अमेठी की 682 ग्राम पंचायतों में सुबहा सात बजे से मतदान प्रक्रिया शांति पूर्ण ढंग से चल रही है। मतदान के लिए 942 मतदान केंद्र और 2,430 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सिविल पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स भी तैनात है। लोग मास्क लगाकर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
लोरिकपुर में प्रधान पद की प्रत्याशी की मौत के बाद चुनाव स्थगित
रायबरेली के सिंहपुर ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर पंवारा में मतदान के लिए लाइन मतदाताओं की भीड़ लगी है। शाहगढ़ विकास खंड के कौहार में सुबह 7 बजे से कतार लगी है। जामों ग्राम पंचायत लोरिकपुर में ग्राम प्रधान पद का मतदान कराया जा रहा है। विकास खंड शाहगढ़ के दुलापुर खुर्द में विकलांग मतदाता ने मतदान किया। जामों ग्राम पंचायत लोरिकपुर के ग्राम प्रधान पद का मतदान एक घंटा होने के बाद स्थगित हो गया है। ग्राम पंचायत लोरिकपुर में प्रधान पद के लिए लोरिकपुर निवासी ऊषा शर्मा पत्नी अखिलेश शर्मा एवं ममता दिवेदी पत्नी राजकुमार दिवेदी प्रत्याशी रहीं। ऊषा शर्मा की मौत हो गई है।
रायबरेली में बैलेट पेपर से चुनाव चिन्ह गायब
रायबरेली के सिंहपुर ब्लाक क्षेत्र के खानापुर चपरा के बूथ नंबर 111 पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर 8 प्रत्याशी मैदान में थे लेकिन बैलेट पेपर पर केवल 7 निशान छपे थे। सुबह 9 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका।
सिद्धार्थ नगर में 9 बजे तक 11 प्रतिशत हुआ मतदान
सिद्धार्थ नगर जिले में दो घंटे में 11 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 9 बजे के बाद धूप होने से कुछ बूथों पर कतार में खड़े लोग बाहर हो रहे हैं। देवरिया के सलेमपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बहोरवॉ मिश्र बूथ पर सन्नाटा पसरा रहा, अभी तक मतदान शुरू नहीं हो पाया। लोगों में आक्रोश है।
औरैया जिले में सुबह 9 बजे तक 9.86 फीसदी मतदान
कानपुर देहात में रसूलाबाद के भौरा के मतदान केंद्र पर भीड़ उमड़ी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग धड़ाम हो गई। औरैया जिले में सुबह 9 बजे तक 9.86 फीसदी मतदान हुआ है।
9 बजे तक का कुछ जगहों का वोटिंग अपडेट
जालौन जिले में सुबह 9 बजे तक 8.5 फीसदी मतदान हुआ।
कानपुर देहात में सुबह 9 बजे तक 12 प्रतिशत मतदान हुआ।
फतेहपुर जिले में सुबह 9 बजे तक 9.83 प्रतिशत मतदान हुआ।
फिरोजाबाद: एक-एक वोट का समझा महत्व, चारपाई पर लेटकर भी मतदान करने पहुंचे
लोकतंत्र में एक-एक वोट भी महत्वपूर्ण होता है ताकि गांव की बेहतर सरकार चुन सके। इस बात को भला बुजुर्गों से बेहतर कौन समझ सकता था। शेखूपुर घड़ी में एक बुजुर्ग मतदाता चलना तो दूर बैठने में भी असमर्थ था। मगर मतदान का महत्व समझते हुए बुजुर्ग मतदाता चारपाई पर लेटकर मतदान करने के लिए पहुंचा। इसके बाद अन्य लोगों में भी मतदान का महत्व समझा। इधर, जसराना के गांव झपारा में 95 वर्षीय महिला शांतिदेवी ने भी वोट डालने के लिए गोदी में आई।
अमेठी में कड़ी सुरक्षा के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव
अमेठी में कड़ी सुरक्षा के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। अमेठी की 682 ग्राम पंचायतों में सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शांति पूर्ण ढंग से चल रही है। मतदान के लिए 942 मतदान केंद्र और 2,430 मतदेय स्थल बनाये गये है। सुरक्षा की दृष्टि से सिविल पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स भी तैनात है। साथ ही 13 जोनल और 98 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाये गये हैं। 589 सामान्य मतदान केंद्र 845 संवेदनशील 795 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के साथ 201 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र घोषित किया गया है। इसके अलावा अमेठी के 15,55,536 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 17,294 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस दौरान कोविड 19 की गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। लोग मास्क लगाकर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
मतदाताओं की कतारें लगीं
उन्नाव जिले में हसनगंज ब्लाक के ग्राम पंचायत रानी खेड़ा खालसा में सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगीं हैं।
