गंडई-पंडरिया । बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन द्वारा नगर में शाम छह बजे से लाकडाउन लगाया गया है। मंगलवार को नगर में फ्लैग मार्च किया गया। वहीं लोगों को बेवजह घर से नहीं निकलने, भीड़ में जाने से बचने, मास्क पहनने, सैनिटाइजर का उपयोग करने, बार-बार साबुन से हाथ धोने व शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील की गई। कोराना वायरस के संक्रमण से बचने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन के द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्ना चौक-चौराहों पर सघन निगरानी की जा रही है।
गांवों में कराई जा रही मुनादी नगर की सड़कों पर पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। वार्डों में गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं अंचल में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। गांवों में मुनादी कर लोगों को कड़ाई से गाइडलाइन का पालन करने, मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने की समझाइश दी जा रही है। वहीं शाम छह बजे के बाद सड़क पर निकलने वाले हर आदमी को रोककर पूछताछ की जा रही है। उनसे पूछा जा रहा है कि, वह किस कारण से निकले हैं, कहां जा रहे हैं और क्या काम है। लोग जो कारण बता रहे हैं पुलिस उसकी तफ्तीश भी कर रही है। सीएमओ प्रमोद शुक्ला ने कहा कि पुलिस व प्रशासनिक टीम तमाम गतिविधियां का उद्देश्य सिर्फ यही है कि लोग लाकडाउन का पूरी तरह से पालन करें। इस दौरान एसडीओपी राजेश जोशी, गंडई थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा व अन्य मौजूद रहे।
डोंगरगढ़ में कोरोना से तीन की मौत कोरोना से मरने वालों की तादाद बढ़ती जा रही है। मंगलवार को नगर में तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। जिसमें एक महिला व दो पुरुष हैं। मृतकों को कोरोना गाइड लाइन के अनुसार अंतिम संस्कर किया गया। नगर में संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है। रोजना 20 से 25 पाजिटिव केस सामने आ रहे हैं।
