राजनांदगांव । रामनगर मोतीपुर वार्ड आठ का एक मात्र तालाब जिसे काई तालाब के नाम से जाना जाता है, वे अपनी दुर्दशा पर रो रहा है। तालाब का पानी नहाने तो छोडिए, कपड़े धोने के लायक तक नहीं है। तालाब में नहाने से रोग का भय बना रहता है। साथ ही उस पानी से यदि हाथ धो लिए तो बदबू आना शुरू हो जाता है। वार्ड के लोग कई बार इसकी शिकायत नगर निगम में कर चुके हैं। इसके बाद भी स्थिति जस की तस है। तालाब बहुत पुराना है आधा एकड़ में फैला हुआ है। तालाब के चारों ओर आवासीय मकान ही नजर आता है। इस तालाब में काई के कारण इसका नाम काई तालाब पड़ गया। इस तालाब का पानी इतना गंदा हो गया है, कि लोग हाथ धोना तो छोड़िए नहा भी नहीं सकते। नहाने से खुजली हो जाती है। और पानी से बदबू आती है। इस कारण लोग दूसरे तालाब में निस्तारी करने मजबूर है।
मवेशियों ने बिगाड़ी तस्वीर वार्ड में अधिकतर लोग मवेशी पालते है उनके निस्तारी के लिए तालाब ही एक मात्र साधन है जिसके कारण दिनभर मवेशी ही डूबे रहते है।और उनके गोबर के कारण तालाब और खराब हो गया है। मकानों का गंदा पानी भी मिलता है। तालाब के आसपास रहने वाले लोग के घरो से निकलने वाला गंदा पानी भी तालाब में आने का एक प्रमुख कारण है।
जिम्मेदार जानकर भी अनजान लंबे समय से तालाब की सुंदरीकरण की मांग उठ रही है। जानकारी के अनुसार सुंदरीकरण में हजारों रुपये भी खर्च हो चुके हैं। इसके बाद भी तालाब की स्थिति जस की तस है। गर्मी शुरू होते ही लोगों के सामने निस्तारी की समस्या गहरा गई है। वार्डवासियों ने बताया शिकायत के बाद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
वर्जन
कपड़ा धोने में होती है परेशानी
तालाब का पानी इतना गंदा हो चुका है कपड़े धोने के बाद घर में पानी से कपड़ा धोने के बाद भी बदबू नहीं जाती है। इस कारण कपड़े नहीं धोते।
सुखित निर्मलकर, वार्डवासी
जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
वार्ड के एकमात्र तालाब का सुंदरीकरण व पानी निकासी के लिए पार्षद से कई बार कह चुके है। लेकिन कोई हल नजर नहीं आता। महापौर से भी तालाब के बारे में बता चुके है।फिर भी आज तक कोई भी जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दिया गया ।
गोवर्धन जंघेल, वार्डवासी
………………….
सुंदरीकरण की मांग रखी गई है
तालाब के पानी की निकासी व सुंदरीकरण के लिए महापौर जी से मांग रखी है। वहीं तालाब का पानी कहां से निकाले यह सबसे बड़ी परेशानी है। वैसे भी मैंने तालाब के चारों तरफ सीसी रोड का कार्य करवा रही हूं। जल्द ही इस समस्या से छूटकारा भी मिल जाएगा।
रंजू मदन यादव, पार्षद
………………….
तालाब में पानी गंदा होने की जानकारी मुझे नहीं है। फिर भी दिखवा लेता हूं। जल्द ही पानी को साफ करने की कार्रवाई की जाएगी। -आशुतोष चतुर्वेदी, आयुक्त नगर निगम
