अंबागढ़ चौकी । टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन क आपूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीणों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घंटों इंतजार के बाद भी ग्रामीणों को वैक्सीन का डोज नहीं लग पा रहा है। टीकाकरण केंद्रों में अव्यवस्था होने के कारण ग्रामीणों में जमकर आक्रोश है। अफसर व्यवस्था सुधारने के बजाय हाथ में हाथ धरे बैठे हुए हैं। ब्लाक के जिम्मेदार अफसर एक ही रट लगाए बैठे हैं। अफसरों का कहना है कि वैक्सीन ही नहीं मिल रहा है तो कहां से लगाएं।
अंबागढ़ चौकी ब्लाक के दौरे पर आए कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने रविवार को नगर में सामुदायिक स्वास्थय केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा अस्पताल में महज पांच मिनट समय व्यतीत किए। इस दौरान वे अस्पताल के वैक्सीनेशन सेंटर कक्ष पर गए। सेंटर के बाहर टीकाकरण के लिए पहुंचे लोगों से महज यही पूछा कि आप कहां से और कितनी दूरी से आए हैं। इसके बाद वे अगले पड़ाव के लिए निकल पड़े। इस दौरान टीकाकरण का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने कलेक्टर को अस्पताल से जुड़ी समस्याएं बतानी चाही, लेकिन वे कोई जवाब दिए बगैर अस्पताल से आगे बढ गए। इससे टीका लगवाने के लिए आए नागरिकों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखा गया। टीकाकरण के लिए घंटों इतंजार कर रहे ग्रामीण कलेक्टर से पंजीयन काउंटर बढ़ाने व अस्पताल की अव्यवस्था से जुड़ी शिकायत कर रहे थे। कलेक्टर वर्मा ने रविवार को ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांधाबाजार, पीएचसी चिल्हाटी व उपस्वास्थ्य केंद्र मोंगरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। वैश्विक महामारी कोविड-19 कोरोना संक्रमण के बाद उपजे हालातों का जायजा लेने तथा स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था देखने पहुंचे कलेक्टर वर्मा ने अनुसुचित क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में अव्यवस्था दूर करने तथा जन सामान्य की समस्या व शिकायतें सुनने में कहीं कोई रूची नहीं दिखाई। अस्पताल में टीकाकरण के लिए इतंजार कर रहे अंबागढ़ चौकी निवासी बालमुकंुद तिवारी, अफसान खान, पार्शद मुकेष सिन्हा ने बताया की उन्होंने कलेक्टर वर्मा से पंजीयन काउंटर बढाने एवं अस्पताल की अव्यवस्था व समस्याओं की जानकरी देनी चाही। लेकिन उन्होंने किसी तरह का रिस्पांस दिए बगैर आगे बढ़ गए।
0 उमड़ रही भीड़, लेकिन नहीं बढ़ी काउंटर की संख्या एक अप्रैल से कोरोना वैक्सीनेशन का तीसरा दौर शुरू होते ही टीकाकरण के लिए अस्पतालों में भीड़ उमड़ रही है। 45 से 60 वर्ष की आयु वर्ग के लोग हर दिन टीकाकरण के लिए भारी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तो बीते चार दिनों से वैक्सीनेशन के लिए मेला लगा हुआ है। हालात यह है कि ग्रामीण क्षेत्र से जो भीड़ वाहनों में भरकर स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण के लिए पहुंच रही है वह न तो सामजिक दूरी का पालन कर रही है और न ही सेंटर के बाहर गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। पहले पंजीयन व पहले टीकाकरण के चक्कर में स्वास्थ्य केंद्र में लोग एक दूसरे के संपर्क में आ रहे हैं। इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मूकदर्शक बने हुए हैं। पिछले चार दिनों से टीकाकरण के लिए आने वाले लोगो को सेंटर में सुबह से शाम तक इंतजार करना पड रहा है, लेकिन पंजीयन काउंटर की संख्या बढाई नहीं गई है। आश्चर्य है की सत्ता पक्ष से जुड़े जनप्रतिनिधियों के सुझाव के बाद भी कांउटर नहीं बढाया जा रहा है, जिससे नगर एवं क्षेत्र में संक्रमण की आशंका और अधिक बढ़ गई है।
0 अफसरों ने कहा, नहीं मिल रहा डोज वैक्सीनेशन के तीसरे दौर में ब्लाक में टीकाकरण केंद्रों की संख्या कुल 16 हो गई है। पहले व दूसरे दौर में केवल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ही टीकाकरण किया जा रहा था, लेकिन तीसरे दौर में उपस्वास्थ्य केंद्रों में भी वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। बीएमओ डा. आरआर ध्रुवे व बीपीएम विनोद यादव ने बताया कि जिला मुख्यालय से ही पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं मिल रहा है तो वे क्या कर सकते हैं। इधर वैक्सीन का पर्याप्त मात्रा नहीं मिलने से सैकड़ों लोगों को टीकाकरण केंद्रों से बिना वैक्सीन लगाए ही खाली हाथ लौटना पड रहा है। रविवार को यहां पर वैक्सीन के 2300 डोज आए थे। ब्लाक के सभी केंद्रों में बेंट दिया गया था। जानकारी के अनुसार अब केंद्रों में वैक्सीन खत्म हो गया है। बीएमओ व बीपीएम ने बताया कि वैक्सीन की मांग की गई है।
0 छवि धुमिल कर रहे अफसर टीकाकरण केंद्रें में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं पहुंचने एवं टीकाकरण केंद्र से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का बिना टीका लगाए खाली हाथ लौटने से शासन की क्षवि धुमिल हो रही है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कहा कि छग की कांग्रेस सरकार प्रदेश में कारोना संक्रमण के रोकथाम को रोकने के लिए अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीनेशन पर जोर दे रही है और गाइड लाइन का पालन कराने के लिए बल दे रही है। लेकिन प्रशासन के आला-अधिकारियों की उदसीनता, निष्क्रियता का खामियाजा से आम लोग परेशान हो रहे हैं। वैक्सीनेशन सेंटर से प्रतिदिन सैकडों लोगों के बैरंग लौटने से लोगों के मन में सरकार के प्रति विपरीत प्रभाव पड रहा है। ब्लाक अध्यक्ष मानिकपुरी ने कहा की अंबागढ़ चौकी ब्लाक में कोरोना के टेस्टिंग भी नही के बराबर हो रहा है। ऐसे में संक्रमण के रोकथाम की कल्पना करना बेमानी है।
