छुरिया । कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच अफसरों की लापरवाही सामने आ रही है। जिम्मेदार अफसर अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से नहीं निभा रहे हैं। कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने मनमानी करने वाले अफसरों की शिकायत कलेक्टर से की है। बता दें कि कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा रात नौ बजे से लेकर सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है।ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना के दूसरे दौर के संक्रमण से बचाया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा नाइट कर्फ्यू लगाते ही अफसरों ने मोर्चा संभाल लिया। लेकिन नपं के सीएमओ व इंजीनियर बिना बताए मुख्यालय से गायब रहे। तहसीलदार एवं थाना प्रभारी ने नाईट कर्फ्यू के आदेश का पालन कराने नगर के प्रमुख मार्गों एवं 15 वार्डों में मोर्चा संभाले हुए थे। नगर पंचायत के सीएमओ एवं इंजीनियर के इस रवैये से नाराज ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर से शिकायत की है।
बिना सूचना के नदारद कोरोना वायरस का ग्राफ दिन ब दिन तेजी से बढ़ते जा रहा है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार से नगर पंचायत छुरिया एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि नौ बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू का आदेश जारी किया है। लेकिन नगर पंचायत के जवाबदेही सीएमओ एवं इंजीनियर अपना कर्तव्य निभाने के बजाय नगर पंचायत कार्यालय से बिना सूचना के गायब रहे। इधर जैसे ही जिला प्रशासन द्वारा नाइट कर्फ्यू का आदेश जारी हुआ तत्काल राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, एवं नगर पंचायत विभाग सक्रिय हुए और छुरिया में लाऊड-स्पीकर के माध्यम से कोरोना से निपटने के लिए नगरवासियों को सतर्क रहने की अपील की। लेकिन इस अमले में नगर पंचायत के छोटे कर्मचारियों को छोड़कर उच्चाधिकारी नदारद रहे।
संक्रमण को लेकर सावधानी जरूरी : गीता कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष गीताघासी साहू ने लोगों से संक्रमण को लेकर सावधानी बरतने का आव्हन किया है। साहू ने बताया कि संक्रमितों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पतालों में मरीजों को बिस्तर भी नसीब नहीं हो पा रहा है। उन्होंने लोगों से कोरोना गाइड लाइन का गंभीरता से पालन करने, मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने, भीड़ में जाने से बचने और 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों को टीका लगाने की अपील की।
