राजनांदगांव । छग सहायक शिक्षक फेडरेशन के आंदोलन को 15 दिन बीत गए। शिक्षा मंत्री ने शिक्षक फेडरेशन की मांग को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया था। इसको लेकर अब शिक्षक फेडरेशन आंदोलन की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति तैयार कर रहे हैं। इसके लिए जिले के सभी ब्लॉकों में फेडरेशन के पदाधिकारी समीक्षा बैठक ले रहे हैं।
शुक्रवार को जिले के खैरागढ़ ब्लॉक के अवंती बाई हाइस्कूल में शिक्षक फेडरेशन की बैठक हुई, जिसमें बीते 12 मार्च को किए आंदोलन के संबंध में चर्चा की गई। फेडरेशन के जिलाध्यक्ष शंकर साहू ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा के नेतृत्व और सभी के सहयोग से मुख्यमंत्री निवास घेराव कार्यक्रम सफल रहा। शासन-प्रशासन ने 15 दिनों के भीतर मांग पूरा करने का आश्वासन दिया था। प्रदेश के शिक्षामंत्री डा. प्रेमसाय टेकाम ने भी आश्वस्त किया था, लेकिन अभी तक विचार नहीं किया गया है। ब्लाक अध्यक्ष रामलाल साहू ने कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए जल्द ही संकुल से लेकर जिलास्तर तक पदाधिकारियों की नियुक्ति करनी है। वेतन विसंगति के कारण प्रदेश के एक लाख नौ हजार सहायक शिक्षकों को हर माह करीब 10-15 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष नंदकिशोर सिमकर ने कहा कि जिले में सहायक शिक्षकों की जिला स्तरीय व ब्लाक स्तरीय समस्याओं के निराकरण के लिए जिला व ब्लाक संगठन द्वारा प्रयास किया जा रहा है, ताकि स्थानीय समस्याओं का निदान जल्दी से हो सकें।
बैठक में सभी सहायक शिक्षकों ने नई उमंग व नई ऊर्जा के साथ फेडरेशन की एक सूत्रीय मांग धवेतन विसंगति दूर करानेध पर जोर दिया। शिक्षकों ने कहा कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होगी तब तक संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में प्रमुख रूप से छुरिया ब्लॉक अध्यक्ष कीरत कुमार गणवीर, जिला संयुक्त महामंत्री रामेश्वर साहू, जिला कोषाध्यक्ष शैलेंद्र साहू, विनोद कुमार यदु, राजू यादव, छत्रपाल सिंह परिहार, दूजराम साहू, ब्लॉक उपाध्यक्ष अनुपमा यादव, राजेश लोधी, रूप कुमार जांगड़े बलीराम वर्मा, संजू कंवर, संतोष तोड़े, सुधीर नायक, खेमचंद साहू समेत बड़ी संख्या में ब्लॉक के संकुल स्तर के अध्यक्ष भी शामिल थे।
