राजनांदगांव । कोरोना की कमर टूटने के बाद से बंद कोविड केयर सेंटर अब फिर से खुलेंगे। प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू करा दी है। स्वास्थ्य विभाग जिले के सभी ब्लॉकों में कोविड केयर सेंटरों का निरीक्षण कर लिया है। यहां तैयारी भी लगभग पूरी कर ली गई है। होली त्योहार के बाद सेंटरों को शुरू किया जाएगा। इस बार प्रशासन ने संक्रमित मरीजों को आइसोलेट करने की अलग तरीके से भी तैयारी की है। जिसमें ज्यादातर संक्रमितों को होम आइसोलेट कराने की ही प्लानिंग है। जिनके घरों में ऐसी सुविधा नहीं होगी या फिर संक्रमित मरीज गंभीर होगा, तभी उन्हें कोविड अस्पताल में शिफ्ट करेंगे। जिले में संक्रमण की रफ्तार हर रोज बढ़ रही है। पिछले चार दिनों में पांच सौ से अधिक नए संक्रमित सामने आए हैं। इस आंकड़े प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि इसमें ज्यादातर संक्रमित मरीज शहरी क्षेत्र से हैं। इसलिए अधिकांश मरीज होम आइसोलेट हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी मरीज बढ़ रहे हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन ने कोविड केयर सेंटरों को फिर से शुरू कराने की तैयारी में जुट गई है।
शहर में भी तैयारी शुरू शहरी क्षेत्र में भी कोविड केयर सेंटर शुरू करने की तैयारी हो रही है। शहर में निजी संस्थानों द्वारा भी कोविड केयर सेंटर शुरू किए गए थे, जहां बीते वर्ष कोरोना काल में सैंकड़ों संक्रमितों का उपचार किया गया। प्रशासन ने समाजसेवी संस्थानों से कोरोना की रोकथाम के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाने और कोविड केयर सेंटरों को शुरू कराने की बात कही है, जिस पर शहर के निजी संस्थानों ने तैयारी शुरू करा दी है।
यहां थे कोविड केयर सेंटर जिले में शहर के पेंड्री स्थित एकलव्य स्कूल परिसर सहित सोमनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, अंबागढ़ चौकी, छुरिया, छुईखदान, खैरागढ़, मोहला व मानपुर में सेंटर शुरू किए थे। अब संक्रमण बढ़ने के बाद फिर से इन सेंटरों को शुरू किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने होली के बाद सेंटरों को शुरू करने की बात कही है। वर्तमान में केवल मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल में ही संक्रमित मरीजों को आइसोलेट किया जा रहा है। वहीं ज्यादातर संक्रमितों को होम आइसोलेशन करा रहे हैं। कोविड केयर सेंटर खुलने के बाद नए मिलने वाले संक्रमितों को इन सेंटरों में ही आइसोलेट किया जाएगा।
वर्जन कोविड केयर सेंटरों को शुरू कराने की तैयारी कर लिए हैं। होली त्योहार के बाद सभी ब्लॉकों में सेंटरों को शुरू कराएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में मिलने वाले पाजिटिव मरीजों को ब्लॉक के सेंटरों में ही आइसोलेट करेंगे। कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन लोग जागरूकता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों को जागरूक करने लगातार अभियान चला रहे हैं। – टीके वर्मा, कलेक्टर
