डोंगरगांव । इस बार होली कोविड गाइड लाइन के साया में मनाया जाएगा। जनपद पंचायत के सभागार में शुक्रवार को होली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें शासन द्वारा जारी कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से होली पर्व मनाने की सभी से अपील की गई। एसडीएम हितेश पिस्दा ने बैठक में प्रदेश, जिले और अंचल में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण का मुद्दा उठाते हुए सावधानी को ही एकमात्र उपाय बताते हुए कलेक्टर द्वारा जिले में लागू धारा 144 के संबंध में बताते हुए संक्रमण से बचने के लिए किए जा रहे उपाय, नगरीय निकाय क्षेत्र में नगर पंचायत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच, सचिव को जारी दिशा निर्देश के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव-गांव में मुनादी कराई जा रही है। विभिन्ना गांवों में होली के अवसर पर आयोजित फाग भजन प्रतियोगिताओं को निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने सावधानी को ही कोविड से बचाव का मूलमंत्र बताते हुए जनप्रतिनिधियों सहित सभी से एहतियात बरतने का अनुरोध किया।
बैठक में उपस्थित नगर के वरिष्ठ नागरिक उत्तमचंद जैन, नगर पंचायत अध्यक्ष हीरा निषाद, मंडल भाजपा अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, पूर्व नपं उपाध्यक्ष वीरेंद्र बोरकर, जनपद अध्यक्ष टिकेश साहू, उपाध्यक्ष सुयश नाहटा पूर्व पार्षद हेमंत चोपड़ा, पार्षद प्रियंक जैन सहित अन्य ने भी होली पर्व सहित कोरोना संक्रमण, प्रवासियों के आने-जाने, नगर में बाहर से आए हुए लोगों की पतासाजी सहित अनेक मुद्दों पर प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। शांति समिति की बैठक में पिछले वर्ष हुई हत्या जैसी लोमहर्षक वारदात के परिप्रेक्ष्य में इस वर्ष ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति के पहले ही आवश्यक कदम उठाये जाने की बात उठाई गई। जिस पर टीआई केपी मरकाम ने नगर में पेट्रोलिंग के साथ पुलिस की चुस्त दुरूस्त व्यवस्था बनाये रखने का आश्वासन दिया।
शराबखोरी का छाया मुद्दा शांति समिति की बैठक में नगर के थाने में पदस्थ कतिपय सिपाहियों सहित डायल 112 वाहन में चलने वाले सिपाहियों पर नगर के एक वार्ड में बैठकर रोज शराबखोरी करने का आरोप लगने पर सभी स्तब्ध रह गए। प्रमाण सहित एक पत्रकार द्वारा भरी बैठक में यह बात उजागर किए जाने पर एसडीओ घनश्याम कामड़े ने तुरंत अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाली ऐसी हरकतों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक समाप्त होने के बद एसडीओपी तुरंत थाना पहुंचकर सिपाहियों की जमकर क्लास ली और सबको फटकार लगाई है। बैठक में टीआई केपी मरकाम, बीएमओ डा.रागिनी चन्द्रे, नपं अध्यक्ष हीरा निषाद, पूर्व नपं उपाध्यक्ष वीरेंद्र बोरकर, जनपद अध्यक्ष टिकेश साहू, उपाध्यक्ष सुयश नाहटा, वरिष्ठ नागरिक उत्तमचंद जैन, मंडल भाजपा अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, पार्षद दीपक देवांगन, प्रियंक जैन, गिरिजाशंकर उइके, मनबोधी पटेल, महेंद्र वैष्णव व अन्य मौजूद रहे।
