राजनांदगांव । कोरोना महामारी का मार्च फिर से लौट आया है। वापस लौटा कोरोना काफी खतरनाक है, वहीं तेजी से बढ़ भी रहा है। पिछले तीन दिन में ही 333 नए पाजिटिव मरीज जिले में मिले हैं। इसी तेज रफ्तार से बढ़ते कोरोना की महामारी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। यानी अब जिले में कहीं भी पांच से अधिक लोग एकजुट नहीं हो पाएंगे। इसका सीधा असर होली त्योहार और इसके बाजार पर पड़ेगा। गुरुवार को 144 लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन ने शहर में फ्लैग मार्च कर लोगों को शांति व्यवस्था बनाने के साथ कोरोना के बचाव के लिए जारी प्रोटोकाल का पालन करने की समझाइश दी है।
नहीं होगा कोई भी आयोजन कलेक्टर टीके वर्मा ने गुरुवार को दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30,34 सहपठित एपिडेमिक एक्ट 1987 व संसोधित 2020 की शक्तियों का प्रयोग करते हुए होली मिलन व अन्य किसी भी सार्वजनिक आयोजन नहीं करने का आदेश जारी किया है। कलेक्टर ने कहा कि होलिका दहन के दौरान भी पांच से ज्यादा लोग उपस्थित नहीं होंगे। इसमें भी सैनिटाइजर, शारिरीक दूरी व मास्क का उपयोग करने की शर्त का पालन करना होगा। पर्यटन स्थलों पर भी आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
अर्थदंड नहीं देंगे तो होगी वैधानिक कार्रवाई प्रशासन ने शारीरिक दूरी के साथ सार्वजनिक स्थानों पर मास्क को अनिवार्य कर दिया है। इसका पालन नहीं करने पर अर्थदंड किया जाएगा। वहीं अगर अर्थदंड से इंकार करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रम व त्योहार, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक, खेलकूद, मेला, समारोह व अन्य किसी प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रम प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक स्थल केवल व्यक्तिगत पूजा के लिए खुलेंगे। यहां भी सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सकेगा। विवाह, अंत्येष्टि, दशगात्र व उससे संबंधित कार्यक्रम में शारीरिक दूरी के साथ मास्क का कड़ाई से उपयोग की शर्त के अधीन अधिकतम 50 व्यक्तियों को ही शामिल होने की अनुमति होगी। सभी तरह के सभा, धरना, रैली, जुलूस अथवा सार्वजनिक प्रदर्शन आगामी आदेश तक प्रतिबंधित रहेंगे।
धारा 144 लागू होने के बाद गुरुवार शाम को पुलिस प्रशासन ने शहर में फ्लैग मार्च किया। शहर के सभी प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस ने लोगों को कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने की बात समझाई। वहीं घर से बाहर निकलते समय पहचान पत्र व चेहरे में मास्क जरूर लगाए। ज्ञात हो कि जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पिछले तीन दिनों में ही कोरोना के जिले में 333 नए पाजिटिव मरीजों की पहचान हुई है। यह आंकड़ा प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ही नहीं बल्कि आम लोगों की धड़कनें भी तेज कर दी है।
