राजनांदगांव । कोरोना की दूसरी लहर जिले में लौट आयी है। तेजी से कोरोना का संक्रमण जिले में फैल रहा है। इस संकट से बचाने के लिए कोरोना टीका का 20 हजार नया डोज जिले में पहुंच गया है। जिले में अभी तक 52462 लोगों को कोरोना टीका का पहला डोज लग चुका हैं, वहीं 16412 लोगों ने दूसरा डोज भी लगवा चुके हैं। वहीं दूसरे राज्यों से को-वैक्सीन लगाकर आए करीब 350 लोगों को-वैक्सीन का टीका भी लग गया है। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. बीएल कुमरे ने कहा कि जिले में कोरोना टीका का अभियान तेज किया गया है। बुधवार को कुल 1324 लोगों ने पहला डोज और 698 लोगों को दूसरा डोज लगा है। जिले के लिए 20 हजार टीका देर शाम तक पहुंच गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ने के साथ दहशत भी बढ़ गई है। पिछले चार-पांच दिनों से संक्रमण विस्फोटक रूप में ब्लास्ट हो रहा है। चार दिनों में संक्रमितों की संख्या तीन सौ से पार हो गई है। तेजी से बढ़ते कोरोना के कहर का असर शहरी क्षेत्र के साथ डोंगरगढ़ और खैरागढ़ ब्लॉक में ब्लास्ट हो रहा है। इसके चलते संक्रमण को लेकर दहशत बढ़ती जा रही है।
आज से बढ़ेगी जांच की रफ्तार : सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने कहा कि संक्रमण का ग्राफ छह फीसद हो गया है। संक्रमण की रोकथाम के लिए रोजाना 14 से 16 सौ से अधिक लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। जिले के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी कोरोना की जांच जारी है। शहरी क्षेत्र में निजी चिकित्सालयों में भी कोरोना जांच और कोरोना के बचाव के लिए टीका लगाया जा रहा है।
बार्डर पर फिर सुस्ती पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में कोरोना हर रोज विस्फोट हो रहा है। कोरोना की ब्लास्टिंग को लेकर महाराष्ट्र के शहरों में लॉकडाउन बढ़ रहा है, जिसके कारण रोजी-रोटी के लिए गए श्रमिक वर्ग के लोग लौटने लगे हैं। जिले की सीमा बागनदी में महाराष्ट्र व अन्य राज्यों से लौटने वाले लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। पिछले हफ्तेभर से बार्डर पर सक्रियता जरूर बढ़ी थी, लेकिन वर्तमान में यहां जांच की प्रक्रिया फिर सुस्त पड़ गई है। गिनती के यात्रियों की बार्डर पर कोरोना की जांच हो रही है। अधिकांश निजी वाहनों में यात्री बिना जांच के ही बार्डर पार कर रहे हैं। प्रशासन भी बहाना बनाने वाले और बिना जांच के ही बार्डर से गुजरने वाले यात्रियों की कोरोना जांच को लेकर अब गंभीरता नहीं दिखा रहा है। शायद यही कारण है कि जिले में संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। पिछले चार दिनों से जिले में कोरोना तेजी से फैला है।
जिले में मिले 121 नए पाजिटिव बुधवार को जिले में 121 नए पाजिटिव मरीज मिले, जिसमें 66 संक्रमित ग्रामीण क्षेत्रों में सामने आए हैं। वहीं 55 पाजिटिव शहरी क्षेत्र में सामने आए हैं। बुधवार को कुल 2344 लोगों की कोरोना जांच की गई। ज्यादा पाजिटिव मरीज राजनांदगांव ब्लॉक में 18 मिले हैं। डोंगरगढ़ व खैरागढ़ में 16-16 नए मरीज मिले हैं। अंबागढ़ चौकी व छुईखदान ब्लॉक में तीन-तीन नए पाजिटिव मरीज सामने आए हैं। छुरिया में एक ही मरीज की पहचान की गई है। शहरी क्षेत्र में बसंतपुर में पांच और गौरीनगर व शिव नगर में चार-चार नए मरीज सामने आए हैं। शहर के बाकी वार्डों में एक-एक संक्रमित मिले हैं। सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने बताया कि 106 लोग कोरोना से स्वस्थ हुए हैं। मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल से इन सभी 106 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। जिले में अब तक 21064 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 20382 स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। जिले में दो सौ लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। वर्तमान में 482 मरीज सक्रिय हैं इनमें से 269 लोग होम आइसोलेशन में हैं, वहीं 83 मरीजों का इलाज पेंड्री मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल में चल रहा है। नौ संक्रमितों का उपचार दुर्ग-भिलाई व रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
