राजनांदगांव । भाजपा की पहली कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को हुई। बैठक में वर्चुअल के माध्यम से कार्यसमिति के सभी सदस्य व पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। वर्चुअल के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री व राजनांदगांव विधायक डा. रमन सिंह समेत संगठन के प्रभारी संजय श्रीवास्तव भी असम से जुड़े और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिया।
बैठक में कोरोना टीका लगवाने के लिए जन जागरण अभियान चलाने के विषय पर भी चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने बताया कि भाजपा प्रदेश सहित जिले में भी 15 अप्रैल तक कोरोना टीका लगवाने के लिए जन-जागरण अभियान चलाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित रहकर वैक्सीन के प्रति लोगों को जागरूक करें।
बैठक में यादव ने बूथ कमेटी में हर कार्यकर्ता का सही नंबर जोड़ने और मंडल स्तर पर समन्वय समिति जल्द बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ता सिर्फ बड़े नेताओं के आगमन के समय ही आते हैं और बाकी कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति नहीं रहती है। ऐसे पदादिकारियों को गंभीरता से पार्टी हित में कार्य करने की नसीहत दी। वहीं, कोविड नियमों के अंतर्गत अंबेडकर जयंती व पार्टी स्थापना दिवस वर्चुअल माध्यम से मनाने की जानकारी दी। उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने की अपील की।
जिला महामंत्री सचिन बघेल ने सरल पोर्टल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर इस पोर्टल की बहुत बड़ी उपयोगिता साबित होगी। उन्होंने बताया कि बूथ कमेटियों को सरल पोर्टल में फार्म भरकर जोड़ना है। साथ ही सचिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व ने करोना काल में भारत के एक नए चेहरे को देखा है। चीन और अमेरिका दो बड़ी शक्तियों के बीच में द्वंद होने, फिर भारत से चीन की सीमा तक विवाद रहा और फिर चीन का पीछे हटने की घटना के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है। कोरोना वैक्सीन के प्रदेश प्रभारी खूबचंद पारख ने वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना पर विरोधी दलों की राजनीति शर्मनाक है। वैक्सीन के नाम से लोगों को बरगलाया गया, लेकिन अब लोग समझ चुके हैं कि भारत में निर्मित स्वदेशी वैक्सीन पूर्णता सुरक्षित है और वैक्सीन लगाने के लिए अब लोग स्व-स्पूर्थ स्वास्थ्य केंद्रों में आने लगे हैं। पारख ने कहा कि करोना काल में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सूखा राशन, भोजन के पैकेट घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था की थी। इसी तरह से अब मोर्चा प्रकोष्ठ व सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व पूरे देश की जनता को वैक्सीन लगाने का महत्वपूर्ण जिम्मा भाजपा ने सौंपा है। पारख ने बताया कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया जा चुका है कि लोगों में जनजागरण करके वैक्सीन लगाने का कार्य करना है। हेल्पडेस्क के माध्यम से लोगों का सहयोग भी करना है, जितनी ज्यादा वैक्सीन लगेगी उतना हम सुरक्षित होंगे। पारख ने कहा कि 15 अप्रैल तक वैक्सीन लगाने के लिए जन जागरण अभियान चलता रहेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। बैठक में महामंत्री दिनेश गांधी, उपाध्यक्ष रमेश पटेल, गिन्नाी चावला, सूर्यकांत शर्मा समेत सभी मंडल अध्यक्ष व सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
