राजनांदगांव । वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी बलिदान दिवस पर आयोजित समारोह में राजनांदगांव ब्लाक के ग्राम जोगी दल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सामाजिक भवन की सौगात दी। मुख्यमंत्री भूपेश ने लाल बहादुर नगर में सामाजिक भवन के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की। इसके अलावा गांव के शीतला तालाब में सुंदरीकरण, सामुदायिक भवन, नवीन पंचायत भवन और मुक्तिधाम में सड़क निर्माण व सर्व समाज के लिए दस लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने बलिदान दिवस समारोह में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजों से युद्ध किया और देश की आजादी में अपना योगदान दिया। देश के हित में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले विभूति किसी एक समाज व धर्म के नहीं होते बल्कि संपूर्ण समाज के लिए आदरणीय होते हैं। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन व विकास मंत्री डा. शिव कुमार डहरिया, डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक, पदम कोठारी व अन्य जनप्रतिनिधि सहित कलेक्टर टीके वर्मा, पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण, एसडीएम मुकेश रावटे मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधी समाज के एक बड़े हिस्से का छत्तीसगढ़ सहित उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश व अन्य प्रदेशों में विस्तार है। इतिहास में लोधी समाज की शौर्यगाथा मिलती है। लोधी समाज से कई लोग राजनीतिक सहित अन्य कई क्षेत्रों व विभिन्ना पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों में शासन की ओर से कोई कमी नहीं होगी। लोधी समाज के लोग विशेषकर खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं और यह गर्व की बात है कि सभी खेती कर रहे हैं। गांवों में खेती-किसानी की स्थिति को सुधारने के लिए नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजना कार्य किया जा रहा है। जिले में सिंचाई सुविधाएं तो हैं, लेकिन पर्याप्त सिंचाई के लिए नरवा बनाकर जल स्तर बढ़ाने की आवश्यकता है। ताकि सतही व भूमिगत जल का उपयोग किया जा सके। इससे वॉटर रिचार्जिंग होगा।
