राजनांदगांव । आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लोगों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने कार्ड बनाने जिले के सभी लोक सेवा केंद्र को टारगेट तो दे दिया है। प्रशासन के टारगेट में सर्वर अड़ंगा डाल रहा है। कुछ दिनों से सर्वर ठप होने होने के कारण गिनती के ही कार्ड बन रहे हैं। साइट कुछ देर ठीक चलने के बाद ठप हो जा रही है। इसके चलते समय पर कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इधर, कार्ड बनाने सीएसी में हितग्राहियों की लंबी भीड़ लग रही है। सर्वर संकट के कारण कार्ड बनाने में दिक्कत हो रही है। जिन लोगों के कार्ड बन गए हैं, तो सर्वर प्राब्लम के चक्कर में वे डाउनलोड नहीं हो पाने से उनके प्रिंट नहीं निकल पा रहे हैं।
चक्कर काटने को मजबूर हितग्राही सर्वर ठप होने के कारण लोग चाहकर भी अपना कार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं। इधर, संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। क्योंकि कि उन्हें प्रशासन द्वारा दिए टारगेट को हरहाल में पूरा करना है। हितग्राही अपने साथ समग्र आईडी, आधार कार्ड लेकर पहुंच रहे हैं। लेकिन हर बार सर्वन डाउन की समस्या होने से उनके यह कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। हितग्राही अगसिया साहू, कुमारी बाई साहू ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के कार्ड बनवाने के लिए पिछले एक सप्ताह से चक्कर काट रहे हैं।
घंटों इंतजार, मायूस होकर लौटेः बीते चार दिनों से सर्वर ठप रहने के कारण कई लोगों को बिना आयुष्मान कार्ड बने ही घर वापस लौटना पड़ रहा है। सीएससी संचालकों ने बताया कि 24 घंटे में करीब 10 घंटा सर्वर ठप रहता है। आयुष्मान कार्ड बनाने आए लोगों को सीएससी संचालक सर्वर ठप है कहकर वापस भेज रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 15 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है। लेकिन सर्वर ठप होने के कारण समय पर कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। 31 मार्च तक ही कार्ड बनाया जाएगा।
