राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा 2021 के संसोधित माडल उत्तर में त्रुटि को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर आयोग के अध्यक्ष के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। आयोग से मांग की गई कि परीक्षार्थियों की आशंकाओं को दूर करने के लिए उत्तरों की संदर्भ सूची जल्द से जल्द सार्वजनिक की जाए। माडल उत्तर की त्रुटियां सुधारी जाए। उन्होंने मांग की कि परीक्षा परिणाम पुनः घोषित किया जाए और माडल आंसर में त्रुटियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कमलेश प्रजापति ने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने इस वर्ष फरवरी में आयोजित राज्य सेवा परीक्षा प्रारंभिक 2021 के जो संशोधित माडल उत्तर जारी किए हैं उसमें कई त्रुटियां हैं। उदाहरण के लिए छत्तीसगढ़ में वर्षा दक्षिण पश्चिम मानसून से ही होती है और इससे सभी भलीभांति अवगत है, लेकिन आयोग द्वारा जारी माडल उत्तर में इसे गलत बताया गया है। कुछ अन्य प्रश्नों के उत्तर भी इसमें गलत बताए गए हैं। इससे विद्यार्थियों में आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कई प्रकार की आशंका उत्पन्ना हो रही है। परीक्षार्थियों की आशंकाओं को दूर करने के लिए इन उत्तरों की संदर्भ सूची जल्द से जल्द सार्वजनिक की जाए और माडल उत्तर की त्रुटियां सुधारी जाए। साथ ही पुनः परीक्षा परिणाम घोषित की जाए। इसके साथ-साथ त्रुटियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञ पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
