चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने बिना बिल ले जाई जा रही पांच करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की सोने व डायमंड की जूलरी पकड़ी है। करीब 5 किलो जूलरी पांच-छह पैकेट में थी। इसे करोल बाग से एयरपोर्ट ले जाया जा रहा था। वहां से इसे कार्गों से मुंबई जाना था।
चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने जूलरी के पैकेट और इसके साथ पकड़े गए चारों युवकों राजस्थान निवासी मनीष, हरलाल, विद्याधर और राजेंद्र कुमार उर्फ राजू को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है। कस्टम विभाग का कहना है कि इस मामले में समन जारी किया गया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने रविवार रात रिज रोड पर संदिग्ध हालात में जा रही एक स्विफ्ट कार को रोका। कार में जूलरी के पांच-छह पैकेट मिले। कार में बैठे युवक इनके संबंध में कोई संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं दे पाए। न ही कागजात दिखा पाए। पुलिस जूलरी और मनीष, हरलाल, विद्याधर और राजेद्र को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
नई दिल्ली जिला डीसीपी डॉ. ईश सिंघल ने बताया कि जूलरी व चारों युवकों को सोमवार को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया। कस्टम विभाग ने जूलरी को लेकर मंगलवार शाम तक दिल्ली पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी है।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात कस्टम विभाग ने पैकेट खोले तो उनके अंदर सोने व डायमंड की जूलरी निकली। कस्टम विभाग ने मंगलवार शाम तक दिल्ली पुलिस को नहीं बताया था कि जूलरी कितनी है। इसे लेकर दिल्ली पुलिस व कस्टम विभाग के बीच विवाद खड़ा होता दिख रहा था। कस्टम विभाग के उपायुक्त आईआरएस अफसर मनीष गोयल ने बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को समन जारी किया गया है।
कुरियर कंपनी कर्मी बताए गए हैं चारों युवक
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये पैकेट जय माताजी कोरियर कंपनी के जरिये मुंबई भेजे जा रहे थे। ये कार्गों से मुंबई जाने थे। हिरासत में लिए गए चारों युवक भी कोरियर कंपनी के कर्मी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह जूलरी मध्य दिल्ली के कई जूलर की है।
