राजनांदगांव | गांजा तस्करी कर फरार आरोपी महिला को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला आरोपी के कब्जे से 15 किलो 700 ग्राम गांजा भी जब्त किया है। महिला रायपुर से गांजा की सप्लाई देने दोबारा राजनांदगांव आई थी।
बसंतपुर पुलिस ने बताया कि 18 जून को बर्फानी धाम मंदिर के पास 34 किलो गांजा के साथ आरोपी राजकुमार महोबे को गिरफ्तार किया गया था। राजकुमार के साथ तस्करी में उसकी महिला साथी ममता पुरैना भी शामिल थी। जो मौके से फरार हो गई। जिसकी पतासाजी में टीम लगी थी, तभी 3 अगस्त को आरोपी ममता के शहर के गुरुद्वारा के पास मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने महिला को घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी 15 किलो 700 ग्राम गांजा लेकर बेचने ग्राहक का इंतजार कर रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।





