० अखिल भारतीय रात्रिकालिन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
राजनांदगांव। स्थानीय स्टेट हाई स्कूल के मैदान में यूनिटी क्लब एंड कैडेट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय रात्रिकालिन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ डोंगरगांव विधायक एवं छग राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष दलेश्वर साहू कर कमलों से फीता काटकर किया गया। इस दौरान राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनय झा, पूर्व पार्षद एवं साइंस कालेज के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष प्रज्ञा गुप्ता उपस्थित थे। प्रतियोगिता का पहला मैच लक्ष्य इलेवन विरूद्ध राफेल इलेवन के बीच खेला गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डोंगरगांव विधायक एवं छग राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष दलेश्वर साहू ने कहा कि खेल सर्वांगीण विकास करते हुए शारीरिक एवं मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। क्रिकेट ही नहीं बल्कि किसी भी प्रकार के खेल से स्वास्थ्य और उत्साह तो बढ़ता ही है, साथ ही स्वस्थ प्रतियोगिता की भावना का भी विकास होता है। क्रिकेट के खेल से इसके साथ-साथ आपसी एकता तथा भाईचारा का विकास भी होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक ने कहा कि क्रिकेट सभी का बहुत पसंदीदा और प्रसिद्ध खेल है। इसे हर उम्र के लोग पसंद करते है और ये बहुत रोचक तथा असंभवनाओं से भरा हुआ खेल है। इसकी कोई सटीक भविष्यवाणी नहीं है कि कौन सी टीम जीत जाएगी। अंतिम समय में कोई भी टीम जीत सकती है, इसी कारण यह खेल और भी ज्यादा रोमांचक हो जाता है, जो सभी लोगों का उत्साह बढ़ाने का कार्य करता है। लोगों की अपनी पसंदीदा टीम होती है जिसे वो जीतते देखना चाहते है और लोग मैच तब तक देखते है जब तक कि खेल खत्म न हो जाए और उन्हें कोई परिणाम प्राप्त न हो हो जाए।
वहीं अति विशिष्ट अतिथि शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर ने कहा कि युवा इस खेल से बहुत प्रभावित रहते है और लगभग हर कोई एक अच्छा क्रिकेटर बनना चाहता है। क्रिकेट भले ही भारत का खेल न रहा हो लेकिन फिर भी इसे आज हमारे देश में पूरी खुशी और उत्साह से खेला जाता है।
कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनय झा एवं पूर्व पार्षद एवं साइंस कालेज के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष प्रज्ञा गुप्ता ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर दिग्विजय महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा योग नृत्य की भी प्रस्तुति दी गयी। जिसको मुख्य अतिथि, अतिथियों एवं उपस्थित दर्शकों द्वारा सराहा गया। मैन ऑफ द मैच और बेस्ट दर्शक शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर समिति के अमित चंद्रवंशी, राहुल देवांगन अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित थे।
