देहरादून आ रही शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने से हड़कंप मच गया। यह ट्रेन नई दिल्ली से देहरादून आ रही थी। लोको पायलट और गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए कई लोगों की जान बचा ली और ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर जंगल के बीचोंबीच रोक दिया। ट्रेन को कांसरो रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। इसके बाद राजाजी टाइगर रिजर्व और रेलवे के अधिकारियों को किसी तरह सूचना दी गई। तत्काल कोच सी-5 को खाली कराया गया। इसके साथ ही कोच को ट्रेन से अलग कर अन्य कोचों को सुरक्षित बचाया गया। इस कोच सी-5 में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। कोच के सभी यात्रियों को उनके सामान के साथ दूसरे कोचों में शिफ्ट कर दिया गया। जिसके बाद ट्रेन देहरादून के लिए रवाना हो गई। घटना शनिवार दोपहर 12:20 बजे के आसपास की बताई जा रही है। वहीं आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना को ध्यान में रखते हुए देहरादून रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य और पुलिस की एक टीम पहुंच गई है।
